इंदौर. पलासिया क्षेत्र में रहवासियों का विश्वास फिर से हासिल कर अपराधों की रोकथाम में उनकी मदद लेने के लिए पुलिस ने रविवार से नई पहल की। अभियान को ऑपरेशन डोर-टू-डोर का नाम दिया गया है।
यह प्रयोग कम्युनिटी पुलिसिंग का ही एक फंडा है। एसपी अंशुमान यादव के निर्देश पर पलासिया टीआई अशोक राणा ने इसकी रूपरेखा तैयार कीा। उन्होंने ऑपरेशन डोर टू डोर के नाम से एक फार्म छपवाया। इसमें मकान-दुकान मालिक का नाम-पता, घर के सदस्यों के नाम, किराएदारों के नाम व स्थायी पता, घरेलू नौकरों के संबंध में पूर्ण विवरण, वाहन संबंधी जानकारी, पासपोर्ट, शस्त्र, टेलीफोन व नौकरी-व्यवसाय की जानकारी, यदि आप बाहर जाते है तो स्थानीय दो लोगों के नाम व फोन की जानकारी देना होगी।
एक कॉलम ऐसा भी बनाया गया जिसमें नागरिकों से सुझाव मांगे गए। आखिर में जरूरी नंबर भी दिए गए। फार्मो के वितरण की शुरुआत भी टीआई राणा ने बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर सैम मैथ्यू के मनभावननगर स्थित घर से की। मनभावननगर के आराधना अपार्टमेंट में रहने वाले सैम मैथ्यू की हाल में अज्ञात हमलावरों ने बेडरूम में घुसकर हत्या कर दी थी।