HomeNewsNational National

सुरेश नंदा सहित चार सीबीआई की गिरफ्त में

नई दिल्ली.इजरायल से हुए विवादास्पद बराक मिसाइल सौदे में रिश्वत लेने के आरोपी व हथियारों के डीलर सुरेश नंदा, उसके पुत्र संजीव नंदा और दो अन्य को मुंबई की एक अदालत ने सीबीआई को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया है। इन चारों को अगले 48 घंटों के भीतर विशेष अदालत में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हें शनिवार देर रात मुंबई की मेरियट होटल से गिरफ्तार किया गया था। सुरेश नंदा और उसका पुत्र संजीव (बीएमडब्ल्यू कार से छह लोगों को कुचलने के मामले में मुख्य अभियुक्त) गोवा से दिल्ली जाते हुए मुंबई की मेरियट होटल में रुके थे। उनके साथ ही इनकम टैक्स विभाग के उप निदेशक आशुतोष वर्मा और नंदा के चार्टर्ड अकाउंटेंट बिपिन शाह को भी गिरफ्तार किया गया।

चार शहरों में छापे :

सुरेश नंदा की गिरफ्तारी के तुरंत बाद जांच एजेंसी ने उसके दिल्ली, गाजियाबाद, मुंबई और गोवा स्थित ठिकानों पर छापे मारे। चारों के खिलाफ सीबीआई ने भारतीय दंड विधान की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) व अन्य संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत प्रकरण कायम किए हैं। आशुतोष वर्मा के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग करने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत एक और मामला दायर किया गया है।

दो मामले लंबित :

नंदा के खिलाफ एनडीए शासनकाल में इजरायल से 1,150 करोड़ रुपए की लागत से बराक मिसाइल रक्षा प्रणाली व बख्तरबंद वाहनों की खरीद में रिश्वत लेने के दो मामले पहले ही लंबित हैं। इस मामले में तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीज, तत्कालीन नौसेनाध्यक्ष एडमिरल सुशील कुमार, समता पार्टी के कोषाध्यक्ष आरके जैन और पार्टी नेता जया जेटली के नाम भी शामिल हैं। सीबीआई के अनुरोध पर नंदा का पासपोर्ट भी निलंबित कर दिया गया है।

ऐसे पकड़े गए चारों

आयकर विभाग ने फरवरी 2007 में नंदा के परिसरों पर छापे मारे थे, जिसमें विभिन्न रक्षा सौदों में उसकी व सहयोगियों की भूमिका के बारे में कई दस्तावेज बरामद हुए थे। उस मामले की जांच आयकर विभाग का उप निदेशक आशुतोष वर्मा कर रहा था। सीबीआई का आरोप है कि मामले में अनुकूल आदेश के लिए नंदा व उसके बेटे ने वर्मा को भारी रिश्वत दी थी। चार्टर्ड अकाउंटेंट बिपिन शाह के जरिए तय हुए सौदे के मुताबिक पैसा मिलने के बाद वर्मा को अपनी जांच रिपोर्ट में नंदा को दोषी ठहराने वाले दस्तावेजों को छिपाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्मा ने नंदा के कहे मुताबिक कागजों में फेरबदल किया था। रिश्वत की शेष रकम को लेकर नंदा व शाह ने शनिवार को होटल के कमरे में वर्मा से मुलाकात की थी और तभी सीबीआई ने उन्हें धर दबोचा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: