News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रविवार को शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गुल होने से जनता को पेयजल के लिए भटकना पड़ा, वहीं छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि हाईकोर्ट परिसर के बाहर से निकली हाईटेंशन लाइन और खंबों को सुव्यवस्थित करने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सिटी सर्कल को संधारण कार्य करना था। इसके लिए बिजली कंपनी ने रविवार को सुबह साढ़े सात बजे रोशनीघर फीडर से सप्लाई बंद कर दी थी। सप्लाई बंद किए जाने के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने हाईटेंशन लाइन और खंबों को शिफ्टिंग किए जाने का काम किया।
संधारण कार्य होने से हरीशंकरपुरम, माधवनगर, एजी ऑफिस, इन्दरगंज, चन्द्रवदनी नाका समेत चार दर्जन से अधिक क्षेत्रों में सुबह साढ़े सात से सायं चार बजे तक बिजली गुल रही। उपनगर मुरार के कोतवाली संतर, गंज, आजाद नगर आदि क्षेत्रों में रविवार को दोपहर साढ़े बजे बिजली गुल हो गई थी, वहां साढ़े पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई।
उपनगर ग्वालियर के तानसेन नगर, गौसपुरा, किलागेट, चार शहर का नाका, गांधी नगर, कांति नगर आदि क्षेत्र में भी सप्लाई बाधित रही। गोल पहाड़िया, समाधिया कॉलोनी, गुढ़ी-गुड़ा का नाका समेत कई क्षेत्रों में भी बिजली गुल रही। बिजली कंपनी द्वारा अंचल की 33केवी की लाइनों पर काम किए जाने से शिवपुरी, दतिया और ग्वालियर जिले के कई गांवों में आठ से दस घंटे तक सप्लाई बाधित रही।