HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

किराना व्यवसायी के घर एक लाख की चोरी

बिलासपुर. किराना व्यवसायी के घर शनिवार की रात नगदी-जेवर समेत एक लाख की चोरी हो गई। मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध कायम कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बेदपरसदा निवासी 53 वर्षीय संतोष कुमार गुप्ता किराना दुकान चलाते हैं। उनके साथ बेटी-दामाद भी रहते हैं। कल रात भोजन करने के बाद घर के सभी सदस्य अपने कमरे में सोने चले गए।

नगदी व जेवर पूजा वाले कमरे में रखे हुए थे, जहां उन्होंने ताला लगा दिया था। देर रात अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया। इसके बाद पूजा के कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवर व 45 हजार रुपए चोरी कर लिए। जेवर की कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है। सुबह जब श्री गुप्ता की नींद खुली तो वे बाथरूम जाने के लिए उठे। उन्होंने दरवाजा खोलना चाहा, लेकिन बाहर से सिटकनी बंद होने के कारण दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने बेटी व दामाद को आवाज लगाई। उनके कमरे का भी दरवाजा बाहर से बंद था।

इसके बाद उन्होंने फोन पर परिचितों को जगाया तो उन्होंने दरवाजा खोला। बाहर आने के बाद उन्होंने पूजा कमरे में देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना उन्होंने मस्तूरी थाने में दी। सूचना पर मस्तूरी थाना प्रभारी साधना सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।

डुप्लीकेट चाबी से खोला ताला

चोरों ने पूजा कमरे में लगा ताला डुप्लीकेट चाबी से खोला था। ताला तोड़ने पर आवाज होती, साथ ही ताला टूटा हुआ होता। परिचितों द्वारा दरवाजा खोलने पर जब वे बाहर निकले तो ताला सही सलामत मिला। पुलिस को संदेह है कि आरोपी जान-पहचान वाला है, साथ ही उसका घर में आना-जाना भी है। इसका फायदा उठाकर उसने डुप्लीकेट बनवा ली थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: