News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. टाटीबंध चौक के पास स्थित फोरमैन शोमेकर नाम की वर्कशाप में रविवार सुबह 10.30 बजे आग लग गई। इसमें टाटपट्टी के बंडल और जूट का कीमती सामान स्वाहा हो गया। वर्कशाप में पांच लाख रुपए से ज्यादा की टाटपट्टी के बंडल रखे हुए थे। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को आग पर काबू पाने में ढाई घंटे से ज्यादा लग गए। वर्कशाप राजातालाब के ट्रांसपोर्टर राजकुमार क्षत्रिय का बताया गया है।
उनकी शिकायत पर आमानाका पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मामला जांच में ले लिया है। वर्कशाप में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रथम दृष्टया इसकी वजह शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। आसपास के लोगों ने बंद वर्कशाप से आज सुबह धुआं उठता देखा और वर्कशाप के मालिक को फोन करके बुला लिया गया। देखते ही देखते पूरा वर्कशाप आग की लपटों से घिर गया। घटना स्थल पर भारी अफरातफरी के बीच लोगों ने भीषण आग पर काबू पाने की कवायद शुरू कर दी। वहां के एक बोरवैल में पाइप लगाकर वर्कशाप से उठती लपटों पर पानी डाला। इतना ही नहीं बाल्टी आदि बर्तन से भी पानी डाला।
बताते हैं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटना स्थल तक पहुंचने में पौन घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया। स्थानीय लोगों की मदद से ढाई से तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। टाटपट्टी के बंडलों के अलावा वर्कशाप रखा जूट का सारा सामान राख में बदल गया। वर्कशाप का शेड पर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इससे लगी दुकानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
आग से हुए नुकसान का वर्कशाप मालिक आंकलन नहीं कर पाए हैं। बताते हैं, वर्कशाप में पांच लाख रुपए से ज्यादा के टाटपट्टी के बंडल रखे हुए थे, जिनकी सप्लाई राजनांदगांव जिले के शासकीय स्कूलों में की जानी थी। इधर, तेलीबांधा में रिंग रोड पर एयरटेल दफ्तर के बाजू में आज सुबह आग लगने से दहशत फैल गई थी। हालांकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन कचरे से फैली आग को आसपास के लोगों ने मिलकर बुझा दी।
फायर ब्रिगेड का सब स्टेशन हो
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के मौके पर देर से पहुंचने के कारण वर्कशाप मालिक और स्थानीय लोग नाराज थे। उनका कहना है कि गर्मी के बढ़ने के साथ आग लगने का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में भीड़ भरे रास्तों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी देर लगती है, तब तक आग से बहुत कुछ स्वाहा हो चुका होता है। इसलिए नगर निगम को चाहिए कि आउटर में फायरब्रिगेड का सब स्टेशन बनाए जाए।