News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया बस्तर में चर्च की दखल से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित देश के दूसरे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चर्च ने नक्सलियों से हाथ मिला लिया है। अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देश नक्सलियों की मदद कर रहे हैं।
श्री तोगड़िया रविवार को गुरुजी माधवराव सदाशिव राव गोलवलकर के जन्म शताब्दी विशेषांक का लोकार्पण करने आए थे। उन्होंने एक होटल में उत्सुक लोगों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विदेशी ताकतों के बूते पर नक्सली हिंसा फैला रहे हैं। उसके एवज में चर्च नक्सलियों की मदद से बस्तर जैसे इलाके में धर्र्मातरण करवा रहा है। इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में ऐसी ताकतें संसद तक पहुंचकर देश का प्रधानमंत्री तक तय करेंगी।
उन्होंने प्राइवेट नौकरी में प्रस्तावित आरक्षण बिल को देश के लिए अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि प्राइवेट में आगे बढ़ने की कड़ी प्रतिस्पर्धा है। ऐसे हालात में मैदान में केवल दौड़ने वाले ही टिक सकते हैं। निजी कंपनियों के जरिये हम विदेशों का धन प्राप्त करके पूरी दुनिया में अपना वर्चस्व कायम कर सकते हैं। निजी कंपनियों पर आरक्षण की अनिवार्यता लादने की बजाय टैक्स का बोझ बढ़ाना चाहिए। टैक्स की मोटी रकम से गरीबों को बेहद सस्ती दर पर भोजन और निशुल्क शिक्षा मुहैया कराया जाना चाहिए। गरीबों को भरपेट भोजन मिलने पर नक्सली गतिविधियां भी कम होंगी।
उन्होंने कहा कि भारत तेजी से सुपर पावर ताकत बनने की दिशा में अग्रसर है। हमारे यहां विश्व की श्रेष्ठ चिकित्सा और शिक्षा उपलब्ध हैं। कुछ बरसों में लोग विश्व स्तर पर चिकित्सा और शिक्षा के लिए भारत आएंगे। यह अच्छा संकेत है। सैन्य शक्ति के मामले में भी हम पीछे नहीं है। आर्थिक विकास तेजी से हो रहा है। परंतु गरीब और किसानों की ओर ध्यान देना आवश्यक है।
वेदांती पर टिप्पणी नहीं
वेदांती प्रकरण को टालते हुए उन्होंने कहा कि वे संत हैं। हम उन पर टिप्पणी नहीं कर सकते। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं था। उन्होंने इसे बिना वजह मुद्दा बनाया। महाराष्ट्र के हालात पर उन्होंने कहा मैं वहां की घटना से विचलित नहीं हूं। यह राजनैतिक प्रकरण है, इसे सुलझा लिया जाएगा। महाराष्ट्र में 5 लाख बंगलादेशी मुस्लिम घुसपैठिये हैं। उन्हें खदेड़कर मराठियों की बेरोजगारी की समस्या दूर की जा सकती है।
इस्लाम वर्सेस वल्र्ड
श्री तोगड़िया ने कहा कि आज पूरी दुनिया इस्लाम के खिलाफ है। इस्लाम ने आतंकवाद का जो बीज बोया है, उसकी हकीकत सामने आ चुकी है। इस वजह से सारी ताकतें इस्लाम के खिलाफ हैं। हालैंड में अभी हाल ही में सिक्खों को अफगानी समझकर मारा गया। हालात इतने बिगड़ गए थे कि सरकार को हस्तक्षेप करके सिखों की हकीकत बतानी पड़ी।
हिंदू धर्म और साइंस का फंडा
मेडिकल कालेज के आडिटोरियम हाल में गुरुजी के जन्म शताब्दी विशेषांक का लोकार्पण करते विहिप के महासचिव ने सांइस का फंडा समझाया। उन्होंने कहा कि इस्लाम और ईसाई धर्म कोई क्यों स्वीकार करेगा? हिंदू धर्म को मानने वाला अपने धर्म की परंपरा का पालन करके कई समस्याओं से छुटकारा पा सकता है। उन्होंने बताया कि रीढ़ की हड्डी, आंख और ब्लड सूर्य से संबंधित है। मन चंद्रमा से जुड़ा है। घर में झगड़ा होने पर मन विचलित होता है। इससे सिरदर्द या दूसरी बीमारी होती है। ऐसी दशा में चंद्रमा की आराधना या उनके प्रतीक भगवान शंकर की पूजा करके चंद्रमा को शांत करने के बाद अपनी तकलीफ को दूर किया जा सकता है। इस्लाम और ईसाई धर्म में ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है।