जयपुर. आश्चर्यजनक रूप से मार्च में तीन दिन से पड़ रहे कोहरे ने उप्र व हरियाणा में प्रसारण लाइनें ठप कर दी हैं, जिससे राज्य में रविवार को बिजली का संकट रहा। बड़े केंद्रीय बिजलीघरों रिहंद और सिंगरौली में उत्पादन काफी कम हो गया है। गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ रही है। राज्य में करीब 150 लाख यूनिट प्रतिदिन बिजली की कमी हो गई।
शनिवार-रविवार की रात अलवर-भरतपुर जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरे से प्रसारण लाइनों पर असर पड़ा। प्रदेश के सर्वाधिक खपत वाले भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रात 12 बजे से सप्लाई बंद हो गई। इसे सवेरे करीब दस बजे आंशिक तौर पर सामान्य किया जा सका। मार्च में कोहरा पड़ना असामान्य है। प्रदेश में अभी तक किसानों को गेहूं की फसल के लिए पानी की आवश्यकता के कारण मांग में कमी नहीं आई है। गर्मी की वजह से घरेलू उपभोक्ताओं की भी बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है।
कोटा में पांचवीं इकाई बंद
दो दिन कोटा ताप बिजलीघर की पांचवीं इकाई के बंद होने से भी प्रतिदिन 46 लाख यूनिट की कमी चल रही थी। इस इकाई के रविवार रात तक फिर शुरू होने के बाद बिजली आपूर्ति में सुधार होने की संभावना है।