जयपुर. एटीएम कार्ड के जरिए ‘एनी टाइम एनी व्हेअर मनी’ (किसी भी समय कहीं भी रुपए निकालें) की हकीकत कुछ और है। कई बैंकों के एटीएम सेंटर न केवल अक्सर खराब रहते हैं, बल्कि हेल्पलाइनों पर ग्राहकों की शिकायतों पर भी सुनवाई नहीं होती। बिजली बंद होने पर ग्राहक फंस जाते हैं क्योंकि यूपीएस भी चालू नहीं किए जाते। कहीं-कहीं तो रात को गार्ड सोते हुए या गायब मिलते हैं।
शहर में एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक और दी बैंक ऑफ राजस्थान लिमिटेड के एटीएम मशीनों के अनुभव तो यही बयां करते हैं। एटीएम कार्डधारक गोपी किशन माहेश्वरी बताते हैं कि वे हमेशा एसबीआई के टोंक रोड स्थित एटीएम सेंटर पर जाते हैं, पर वह अक्सर खराब मिलता है। इंदिरा बाजार में सिंहद्वार स्थित एसबीबीजे का सेंटर भी खराब रहता है।
सवाई जयसिंह रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम सेंटर में लोगों के कार्ड ही अटक जाते हैं, जिनको गार्ड की मदद से बाहर निकाला जाता है। व्यवसायी हेमेन्द्र गर्ग का कहना है कि कई बार एटीएम सेंटर के बंद या खराब हो जाने के कारण उन्हें बड़ी परेशानी होती है। कई एटीएम सेंटर बिजली गुल होने से बंद हो जाते हैं। हालांकि एटीएम सेंटर में बिजली जाने पर यूपीएस की व्यवस्था होती है, फिर भी वे बंद ही रहते हैं।
गोपालपुरा बाईपास स्थित आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम सेंटर बिजली कटौती के दौरान बंद रहता है। मालवीय नगर में राजस्थान बैंक का एटीएम सेंटर रात के समय अक्सर खराब हो जाता है। कुछ दिन पहले एक ग्राहक के सामने समस्या आ गई जब वह रात 11.30 बजे रुपए नहीं निकाल सका। जब उसने कार्ड एटीएम मशीन में डाला तो कार्ड वापस आ गया।
उसने सेंटर में दिए हेल्पलाइन के टेलीफोन नंबरों पर संपर्क किया तो कहा गया कि अभी दिखवाते हैं किन्तु एक घंटे तक कोई ठीक करने नहीं आया और उसे दूसरे सेंटर पर जाना पड़ा। चिंकारा कैंटीन में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम सेंटर को बिना कोई सूचना दिए बंद कर देने से ग्राहकों को काफी दूर सुभाष नगर या गणपति प्लाजा जाना पड़ता है।
यह सही है कि किन्हीं एटीएम सेंटरों में खराबी आ रही है। इसका मुख्य कारण इनका क्षमता से अधिक उपयोग करना है। शहर में कई जगह पर पुरानी मशीनें लगी हुई हैं जिनकी क्षमता 24 घंटे में 150-200 हिट्स की है जबकि 500-600 ग्राहक प्रतिदिन इनका उपयोग करते हैं। अधिक उपयोग करने के कारण यह खराब हो जाती हैं। पुरानी मशीनें हटाकर नई मशीनें लगाई जा रही हैं।
—एसके जैन, मुख्य प्रबंधक, एसबीआई, टोंक रोड शाखा