HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

‘डंडे लाना जरा, अभी सिखाते हैं सबक’

जयपुर.citizens प्रतापनगर सांगानेर के हल्दीघाटी मार्ग पर डिस्ट्रिक्ट सेंटर की जमीन आईसीआईसीआई बैंक को आबंटित करने के बाद वहां बसी कॉलोनी राधागोविंद नगर व गणोश नगर वासियों के आशियाने उजड़ने की नौबत आ गई है। भास्कर में ‘तीन सौ करोड़ की जमीन डेढ़ करोड़ में ’ खबर छपने के बाद जागे कॉलोनी के लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया तथा सांगानेर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का रास्ता रोक ज्ञापन दिया। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर बताया कि सरकार बैंक को डेढ़ करोड़ रुपए में जमीन देकर लोगों को उजाड़ रही है।

सुबह 7 बजे : आशियाने उजड़ने के भय से डिस्ट्रिक सेंटर पर बसी कॉलोनियों के लोग सुबह से ही एक जगह एकत्र होना शुरू हो गए। कुछ लोगों ने घर-घर जाकर कॉलोनियों के लोगों को घरों की जमीन सरकार द्वारा किसी बैंक को आबंटित करने के बारे में बताया। लोग हक्के-बक्के रह गए। कोहराम सा मच गया।

समय 10 बजे : प्रभावित कॉलोनियों के करीब 500 लोग, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं थीं, पन्नाधाय सर्किल पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला। इस दौरान कुछ लोगों ने कहा कि किसी भी हालत में मकान नहीं टूटने देंगे। यदि सरकार को जमीन ही देनी थी तो कॉलोनी के लोगों को ही दे देती।

समय 12 बजे : पन्नाधाय सर्किल पर विरोध कर रही महिलाएं एक दिन घर में चूल्हा नहीं जलाने की बात कहकर वहीं बैठ गईं। उस समय तक सांगानेर पुलिस थाने का जाब्ता भी मौके पर पहुंच गया था। काफी देर तक नारेबाजी करने के बाद सभी लोग इधर-उधर बैठ गए थे।

चमड़ी उधेड़ देंगे, चले जाओ

समय-5 बजे : पन्नाधाय सर्किल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को जब यह पता चला कि मुख्यमंत्री सांगानेर एयरपोर्ट पर आ रही है तो सभी महिलाएं व पुरुष शाम पांच बजे सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। अचानक बड़ी संख्या में महिलाओं को देख पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस उप अधीक्षक अवनीश कुमार ने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘जरा डंडे लेकर आओ। इनको बताते हैं, कैसे ज्ञापन दिए जाते हैं।’

तभी महिलाओं ने कहा हमारे तो घर उजड़ रहे हैं और हमारी तकलीफ तो सुनो। तभी विकास समिति के अध्यक्ष अजरुनसिंह सिसोदिया व बजरंग दल के रविंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों को पुलिस उप अधीक्षक ने धमकाते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री को ज्ञापन देना आसान थोड़े ही है। अभी चले जाओ नहीं तो चमड़ी उधेड़ देंगे।’ बाद में लोगों को भगा दिया गया, लेकिन महिलाएं वहीं डटी रहीं।

आधे घंटे तक मुख्यमंत्री के इंतजार में विरोध कर महिलाएं शांति से एक जगह खड़ी हो गई और रास्ता रोकने का प्रयास किया। इसके बाद ज्यों ही मुख्यमंत्री का काफिला वहां पहुंचा तो विरोध कर रहे महिला-पुरुष लाइन में खड़े हो गए और नारेबाजी करने लगे, इस दौरान मुख्यमंत्री ने गाड़ी रुकवाई और लोगों से जानकारी मांगी। इसके बाद लोगों ने कौड़ियों के भाव जमीन बेचने तथा कई घर उजड़ने का शिकायत पत्र मुख्यमंत्री को सौंप दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: