HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

चंडीगढ़-बद्दी के बीच एक्सप्रेस हाइवे

चंडीगढ़. बद्दी को एक्सप्रेस हाइवे के जरिये चंडीगढ़ से जोड़ने के लिए पंजाब और हिमाचल राजी हो गए हैं। दोनों में चंडीगढ़-बद्दी वाया सिसवा सड़क बनाने पर भी सहमति बन गई है। दोनों सड़कों पर आने वाला खर्च राज्य सरकारें मिलकर उठाएंगी।

चंडीगढ़ में रविवार को हिमाचलप्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल और पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल में हुई बैठक में इस पर सहमति जताई गई। मीटिंग में दोनों राज्यों के सचिव स्तर के अफसर भी थे। धूमल यहां उनके सम्मान में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित समारोह में आए थे।

पंजाब ने हिमाचल में 100 मेगावाट का प्रोजेक्ट लेने की इच्छा जताई। धूमल ने कहा, प्रदेश ने 100 मेगावाट के कई प्रोजेक्ट चिह्न्ति कर रखे हैं। पंजाब शर्त्े पूरी कर प्रोजेक्ट ले सकता है। हिमाचल गर्मियों में बैंकिंग सिस्टम के तहत पंजाब को रोज 125 से 200 मेगावाट बिजली देगा। सर्दियों में हिमाचल को लगभग इतनी ही अतिरिक्त बिजली की जरूरत पड़ती है। उस समय पंजाब हिमाचल को यह बिजली वापस करेगा।

चंडीगढ़-बद्दी सड़क पूरी होगी :

चंडीगढ़ को बद्दी से जोड़ने के लिए 25 किमी लंबी बद्दी-सिसवां सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क पर तीन पुल बनने हैं। इसका 16 किमी हिस्सा पंजाब में आता है, जिसे पंजाब पूरी करेगा, शेष नौ किमी का हिस्सा हरियाणा, हिमाचल में पड़ता है। यहां सड़क बनाने पर आने वाला खर्च हिमाचल वहन करेगा। यह सड़क जून 2009 तक बनकर तैयार हो जाएगी। पंजाब से हिमाचल के लिए चलने वाली गाड़ियों पर लगने वाले टोल टैक्स को हिमाचल सरकार सरल बनाएगी। ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए यह करार किया गया है।

नयनादेवी-आनंदपुर में रोपवे : नयना देवी और आनंदपुर साहिब को रोप-वे से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना के लिए दोनों राज्यों के बीच जमीन अधिग्रहण और वित्तीय हिस्सेदारी आधी-आधी रहेगी।

बद्दी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेगा :

पंजाब और हिमाचल सरकार मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बनने वाले एक्सप्रेस हाईवे को बद्दी तक बढ़ाने पर राजी हो गई हैं। अंबाला -मोहाली एक्सप्रेस हाइवे को खरड़ होते हुए बद्दी तक ले जाया जाएगा।

शाहनहर प्रोजेक्ट जल्द पूरा होगा :

मुख्यमंत्री धूमल ने बताया कि हिमाचल की 16500 हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए कांगड़ा जिले में बन रही शाहनहर सिंचाई परियोजना के लिए धन देने को पंजाब तैयार हो गया है। इस संबंध में 13 मार्च को दोनों राज्यों की दिल्ली में योजना आयोग के साथ बैठक होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: