HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

ऑनलाइन लॉटरी में गंवाए 50 हजार

मोहाली. इंटरनेट पर ऑनलाइन लॉटरी और गिफ्ट स्कीम से मिलियन डॉलर्स कमाने के चक्कर में मोहाली के विवेक को 50 हजार रुपए गंवाने पड़े। विवेक ने इनाम के लिए ऑनलाइन लक्की ड्रॉ चलाने वाली इस फर्जी कंपनी के एक बिचौलिए के अकाउंट में अपने क्रेडिट कार्ड के जरिये पेमेंट की थी। विवेक ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दी है। पुलिस के मुताबिक विवेक ने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसे एक ई-मेल मिला, जिसमें लिखा था कि उनकी एक कंपनी है, जिसने ड्रॉ के जरिये उनके लिए कैश इनाम निकाला है।

ई-मेल में लिखा था कि इनाम चाहिए तो कंपनी को जवाब भेजें। विवेक ने जवाब भेजा, जिसके बाद कंपनी की दूसरी मेल में क्रेडिट कार्ड के जरिये लगभग 50 हजार रुपए देने को कहा। कंपनी ने मेल में यकीन दिलाया कि यह पेमेंट उनकी इनामी राशि डिलीवर करने के लिए मांगी जा रही है। विवेक ने क्रेडिट कार्ड के जरिये पेमेंट कर दी। उसके बाद न तो कंपनी का जवाब आया और न ही इनामी राशि।

ई-मेल के जरिये होती है ठगी :

वेबसाइट पर एक फर्जी लक्की ड्रॉ साइट बनाई जाती है। साइट इंटरनेट पर आते ही इस पर इनाम जीतने के लिए कई लोग भाग्य आजमाते हैं। इस साइट का ऑपरेटर अप्लाई करने वाले हर व्यक्ति को ई-मेल भेजकर लक्की ड्रॉ विजेता बताता है। ई-मेल मिलने पर आप जवाब भेजते हैं तो यह फर्जी ऑपरेटर आपको इनाम हासिल करने की औपचारिकताओं में फंसाता है।

और कई केस :

पहले भी कई लोग ऐसे ठगे गए हैं। मोहाली के हरमीत सिंह को भी ऐसी मेल आई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। वहीं साउथ अफ्रीका का बाशिंदा बताकर जायदाद में हिस्सा देने के ई-मेल भी आए और डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए रुपए मांगे गए। कुछ समय पहले मोहाली पुलिस ने कीनिया के दो लोगों को नेट पर युवकों को नौकरी का झांसा देकर लूटने के आरोप में पकड़ा था। इन लोगों ने मोहाली के एक युवक से एक लाख रुपए एडवांस लिए थे।

ऐसे फंसाते हैं झांसे में

>> ई-मेल पर पहले विनिंग सर्टिफिकेट आएगा। >> उसके बाद कंपनी अपने एक एजेंट का फोन नंबर भेजेगी। >> एजेंट आपको फोन कर जीत के बारे में आश्वस्त करेगा। >> विजेता को आश्वस्त करने के बाद एजेंट प्रोसेसिंग फीस मांगेगा। >> लाखों डॉलर के चक्कर में फंसकर फीस भर देते हैं लोग। >> इसके बाद बंद हो जाएंगे एजेंट और कंपनी के ई-मेल और फोन।

कैसे बचें इंटरनेट फ्रॉड से

>> ऑनलाइन लॉटरी और लक्की ड्रॉ न खेलें। >> इस तरह के अनजान ई-मेल पर विश्वास न करें। >> लक्की ड्रॉ करवाने वाली कंपनीज का ऑनलाइन पंजीकरण जांचें। >> बिना लक्की ड्रॉ की इनामी राशि हासिल किए कोई पैसा न दें। >> पंजीकृत कंपनीज के एजेंट पैसा देने के बाद फीस लेते हैं। >> ऐसी मेल आने पर तुरंत साइबर क्राइम सेल को सूचना दें।

मामले की जांच की जा रही है। साइबर क्राइम सेल के पास ऐसी शिकायतें आई हैं। जल्द ही पुलिस आरोपियों तक पहुंच जाएगी।

-आर.एस. खटड़ा, एसएसपी मोहाली





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: