काठमांडू. नेपाल में चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में रोजाना 60 से अधिक नवजात शिशुओं की और छह महिलाओं की मौत होती है।
स्थानीय समाचार पत्र ‘द हिमालय टाइम्स’ में प्रकाशित राष्ट्रीय जनसांख्यिकी स्वास्थ्य सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार , प्रतिवर्ष स्वास्थ्य सुविधाओं के अपर्याप्त होने के कारण 22 हजार नवजात शिशुओं की और 2500 माताओं की मौत हो जाती है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रति एक लाख मांओं में से 281 और प्रति एक हजार नवजात शिशुओं में से 33 की उचित स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने से मौत होती है।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक जी.पी. ओझा ने इस समाचार-पत्र को बताया ‘‘हालांकि हमारे पास पर्याप्त राजनैतिक इच्छा-शक्ति, कानून और संसाधन है लेकिन फिर भी ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसा जागरूकता की कमी के कारण है।’’