शिलॉंग. मेघालय के राज्यपाल एसएस सिद्धू से अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव मारग्रेट अल्वा की मुलाकात के एक घंटे बाद प्रतिद्वंद्वी एनसीपी के नेतृत्व वाले प्रगतिशील गठबंधन ने राज्य सरकार बनाने के दावे के लिए राजभवन में 30 विधायकों की परेड करवाई और शिकायत की कि कांग्रेस ने पांच निर्दलीय विधायकों में से तीन को अगवा कर लिया है।
राज्यपाल आज रात तक नई सरकार के गठन को लेकर फैसला कर सकते हैं लेकिन 60 सदस्यीय विधानसभा में 25 सीटें हासिल करने वाली कांग्रेस के महासचिव अल्वा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओएल नोंगतू ने राज्यपाल से मुलाकात की वजह बताने से इंकार कर दिया।
दूसरी तरफ, एनसीपी नेता पीए संगमा 30 विधायकों का नेतृत्व कर रहे हैं जिनमें उनकी पार्टी के 14 विधायकों समेत यूडीपी के 11, एचएसपीडीपी के दो, भाजपा व खनम के एक-एक और दो निर्दलीय विधायक शामिल हैं। एनसीपी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने अवैध रूप से तीन निर्दलीय विधायकों को पकड़ रखा है।
एनसीपी के सांसद रॉबर्ट खरसींग ने कहा कि हमें पता चला है कि कांग्रेस ने उन तीन निर्दलीय विधायकों को अगवा कर लिया है जो हमारे साथ जुड़ना चाहते हैं। हमने संबंधित अधिकारियों के साथ ही राज्यपाल से शिकायत कर दी है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने आरोप को निराधार बताया है।