पणजी. ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट कीलिंग ही मौत की गुत्थी सुलझाते हुए गोवा पुलिस ने कहा है कि स्कारलेट की मौत ज्यादा ड्रग लेने के कारण डूबने से हुई। वहीं, गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने खुलासा किया है कि स्कारलेट के साथ तीन-चार लोगों ने बार-बार बलात्कार किया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीती रात गिरफ्तार किए गए एक प्रमुख आरोपी प्लैसिडो कार्वाल्हो ने पुष्टि की है कि उसने स्कारलेट को ड्रग दी थीर और बलात्कार करने के बाद बीच पर छोड़ दिया था। बेहोशी की हालत में बीच पर पड़ी स्कारलेट की मौत भारी लहरों की चपेट में आने से हुई।
गौरतलब है कि अंजुना बीच पर 18 फरवरी को स्कारलेट की लाश मिली थी। दोनों आरोपियों कार्वाल्हो और सैमसन डिसूजा ने कबूल किया है कि 15 वर्षीय स्कारलेट के साथ बलात्कार किया गया था। पुलिस के मुताबिक कार्वाल्हो पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। समाचार चैनलों और एजेंसियों की खबरों के बाद भी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी सैमसन के खिलाफ हत्या का मामला है या नहीं।
सैमसन के बयानों के आधार पर पुलिस ने कहा है कि स्कारलेट को कई बार यौन रूप से प्रताड़ित किया गया और उसके बाद कोकीन और शराब के ओवरडोज के कारण वह समुद्र तट पर डूब गई। गौरतलब है कि एक चश्मदीद के मुताबिक स्कारलेट के साथ आपत्तिजनक हालत में देखे गए सैमसन ने पहले कहा था कि उसने 15 वर्षीय स्कारलेट की मर्जी से उसके साथ सैक्स किया था।
सूत्रों की मानें तो अब इस मामले में पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध हो गई है और कुछ अफसरों के खिलाफ जांच बैठाई जा सकती है। स्कारलेट की मां फिओना मैकेओन ने आरोप लगाया था कि स्कारलेट के साथ बलात्कार के बाद हत्या की गई है लेकिन पुलिस ने पहले फिओना पर ही शिकंजा कसा था।
संबंधित खबरें
* स्कारलेट केस : डिसूजा ने हत्या का जुर्म कबूला
* स्कारलेट केस:मुख्य आरोपी गिरफ्तार
* स्कारलेट केस : मेनयन को नोटिस