भोपाल. बाइक सवार एक लुटेरा पुलिस के लिए मुसीबत बन गया है। वह दिन दहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपट रहा है। वहां मौजूद लोग देखते रह जाते हैं। गुरुवार की शाम साकेत नगर में भी ऐसा ही हुआ। काली बाइक सवार एक युवक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर हवा में लहराते हुए भाग गया और महिला के चिल्लाने पर भी किसी ने उसका पीछा करने की कोशिश नही की।
बाग सेवनिया पुलिस के मुताबिक संत आशाराम नगर निवासी राजलक्ष्मी मुदलियार बीडीए में नौकरी करती हैं। श्रीमती मुदलियार गुरुवार की शाम अपनी स्कूटी से घर जा रही थीं। जब वे साकेत नगर में एम्स तिराहे के पास पहुंची तभी पीछे से आया बाइक सवार एक युवक उनके गले से सोने की चेन झपट कर हवा में लहराता हुआ भाग गया।
पुलिस ने श्रीमती मुदलियार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया है। बताया गया है कि काली बाइक सवार लुटेरा काली ड्रेस और काला हेलमेट पहने हुआ था।
लुटेरे पर पंद्रह हजार रुपए का इनाम
महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले बदमाश पर आईजी शेलेंद्र श्रीवास्तव ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस युवक की सूचना देने वाले को यह इनाम दिया जाएगा। इस युवक का कद करीब पांच फुट 10 इंच है। हेलमेट लगाने वाला यह युवक सांवला है और आमतौर पर काली धारीदार शर्ट पहनता है। इसकी उम्र करीब 25 साल है।
एक चेन लुटेरे का सुराग
हबीबगंज इलाके में एक महिला से आटो चालक द्वारा लूटी गई चेन के मामले में पुलिस को आरोपी का सुराग लग गया है। बताया जाता है कि वह एक बर्खास्त सिपाही है, जो गांजे के नशे का आदी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।