भोपाल. राजधानी के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई अंतर नहीं आया।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम साफ हो जाने के कारण अरब सागर से नमी आनी कम हो गई है, इस कारण रात के तापमान में कमी आई है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।