bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

बैतूल लोकसभा उपचुनाव 12 अप्रैल को

भोपाल. बैतूल लोकसभा उपचुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव की अधिसूचना 19 मार्च को जारी होगी और 26 मार्च तक नामजदगी पर्चे दाखिल होंगे। रंगपंचमी की वजह से इस तारीख में बदलाव किए जाने की संभावना है। भाजपा सांसद विजय कुमार खंडेलवाल के निधन से खाली हुई इस सीट के लिए उनके पुत्र और भतीजे टिकट के दावेदार हैं। कांग्रेस में हेमंत वागद्रे और पूर्व सांसद गुफराने आजम की दावेदारी है। सपा अपने विधायक डा. सुनीलम को मैदान में उतारेगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जेएस माथुर ने बताया कि बैतूल लोकसभा उपचुनाव के लिए 19 मार्च को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन पत्र लेना शुरू हो जाएगा। अंतिम तिथि अभी 26 मार्च घोषित की गई है लेकिन रंगपंचमी के त्योहार को देखते हुए इसमें परिवर्तन का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजा गया है।वर्तमान कार्यक्रम के मुताबिक 27 मार्च को उम्मीदवारी के पर्चे की जांच होगी। नाम वापसी की आखिरी तारीख 29 मार्च है। मतदान 12 अप्रैल और मतगणना 16 अप्रैल को होगी।

गौरतलब है कि भाजपा और कांग्रेस में बैतूल उपचुनाव के प्रत्याशी को लेकर लंबे समय तक चली कवायद चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं होने की वजह से ठंडे बस्ते में चली गई थी। गुरूवार को कार्यक्रम घोषित होते ही सरगर्मियां बढ़ गई हैं। भाजपा के विजय कुमार खंडेलवाल के निधन से रिक्त हुई इस सीट के लिए उनके पुत्र हेमंत खंडेलवाल को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

उनके भतीजे राजू खंडेलवाल की दावेदारी भी मानी जा रही है। राजू खंडेलवाल उमा भारती की पार्टी भारतीय जनशक्ति से भाजपा में इसी उम्मीद से लौट चुके हैं। राजस्व मंत्री कमल पटेल को उम्मीदवार बनाए जाने की कवायद भी पार्टी में चल रही है। वन मंत्री विजय शाह अपने भाई अशोक शाह को उम्मीदवार बनाए जाने की कोशिश में बताए जाते हैं।कांग्रेस में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, बैतूल से सांसद रह चुके गुफरान आजम के अलावा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ दावेदार माने जा रहे हैं।

कमलनाथ समर्थक इसी के तहत पिछले दिनों में छिंदवाड़ा में रैली के जरिए नकुल को एक तरह से मप्र की राजनीति में लांच कर चुके हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और विधायक दल के नेता डा. सुनीलम बैतूल का चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। वे इसी क्षेत्र के मुलताई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

वे कई बार पूरे क्षेत्र का न केवल दौरा कर चुके हैं, बल्कि क्षेत्र के गन्ना किसानों की मांग सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाते रहे हैं। पार्टी बैतूल चुनाव के मद्देनजर अपना राष्ट्रीय अधिवेशन भी 26 से 28 मार्च तक जबलपुर में आयोजित कर रही है, जिसमें पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव समेत सभी प्रमुख नेता आएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: