News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. कर्ज माफी पर की थी गलतबयानी: सुरजेवाला
हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कल विधानसभा सदन में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने हरियाणा प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. देवीलाल द्वारा सहकारी बैंकों के ब्याज माफ करने के गलत आंकड़े प्रस्तुत किए। सुरजेवाला वीरवार को विधानसभा प्रेस गैलरी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कल ओम प्रकाश चौटाला ने सदन को चौधरी देवी लाल द्वारा प्रदेश में 1400 करोड़ रुपए के कर्जे माफ करने का बयान देकर सदन के सदस्यों को गुमराह करने का प्रयास किया था। इसलिए एक सर्वदलीय कमेटी गठित की गई है। इसके अध्यक्ष मांगेराम गुप्ता होंगे।
मुकदमा चलाने की सिफारिश: चौटाला राज में जेबीटी भर्तियों में हुई अनियमितताओं के मामले में हरियाणा सरकार ने दो आईएएस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अपनी सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी है। इसके अलावा जेबीटी शिक्षकों के चयन के लिए जिला स्तरीय कमेटी के अध्यक्षों व सदस्यों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की इजाजत राज्य सरकार ने दे दी है।
इस आशय की जानकारी संसदीय कार्यमंत्री रणदीप सुरजेवाला ने विस प्रश्नकाल के दौरान करन दलाल व शमशेर सुरजेवाला के सवाल के जवाब में दी। उन्होंने कहा कि चयन समिति के अध्यक्ष व सदस्यों समेत कुल 57 अधिकारियों में से 49 तो अब रिटायर हो चुके हैं, लिहाजा इन 49 के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए राज्य सरकार की इजाजत की आवश्यकता नहीं है। बाकि जिन आठ के खिलाफ यह इजाजत दी गई है उनमें भिवानी जिला की चयन समति की तत्कालीन सदस्य विनोद कुमारी,झज्जर समिति की सदस्य अनार सिंह,कैथल के महावीर सिंह, व रामकुमार,महेंद्रगढ के बनी सिंह और सिरसा जिले की चयन समिति के सदस्य ओपी तिवारी शामिल हैं।
फतेहाबाद जिले की चयन समिति की अध्यक्ष कांता शर्मा और यमुनाननगर जिले की चयन समिति के अध्यक्ष राजेंदर पाल सिंह शमिल हैं। रणदीप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई शिक्षकों की भर्ती के मामले में कड़ी टिप्पणियां की हैं। इस मामले में कानूनविदों से सलाह मशविरा किया जा रहा है। तीन महीने में यह फैसला हो जाएगा कि जेबीटी मामले में क्या फैसला लिया जाए। एक सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान वर्ष 2000 से 2005 के दौरान जो भी भर्तियां हुई थी उनकी डिग्रियों की जांच कराने का हुड्डा कैबिनेट फैसला कर चुकी है।वे यह पता करेंगे कि यह मामला कहां तक पहुंचा है।