इंदौर. निर्माण और संधारण कार्यो में यंत्रों का उपयोग कर विकास की गति और गुणवत्ता कैसे बढ़ाई जा सकती है? इस बिंदू पर शुक्रवार से होटल सयाजी में दो दिवसीय इंडियन बिल्डिंग्स कांग्रेस के ४९वीं राष्ट्रीय बैठक और सेमिनार होगा। इसमें तीन सौ विशेषज्ञ शरीक होंगे। बुधवार से अतिथियों का आगमन भी शुरू हो गया। शुक्रवार शाम ६ बजे से शुरू होने वाले सेमिनार के उद्घाटन सत्र के अलावा तीन तकनीकी सत्र होंगे। इनमें २१ पेपर्स पढ़े जाएंगे। सेमिनार की तैयारियां लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निर्देश पर की जा रही हैं। सेमिनार में निजी क्षेत्र की निर्माण एजेंसियां भी सहभागी होंगी। आयोजन की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा होंगे। उनके साथ समिति में विभिन्न सरकारी महकमों के विभागाध्यक्ष और अफसर होंगे।
आयोजन में तीन सौ विशेषज्ञों के आगमन के सहमति पत्र मिल चुके हैं। कुछ तो इंदौर पहुंच भी गए। लोक निर्माण विभाग, आवास एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास एवं भवन सहित अधोसंरचना से जुड़े सभी सरकारी विभागों के अधिकारी इसमें आमंत्रित हैं। सेमिनार में निकले निर्णयों पर अमल के लिए इंदौर में इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस के मप्र चेप्टर का गठन भी किया जाएगा। आम आदमी भी चर्चा में भाग ले सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर पी.सी.अग्रवाल ने बताया तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।