News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. बोले-चौटाला को सीएम बनाने का प्रायश्चित करता हूं
हरियाणा प्रशासनिक सुधार आयोग के चेयरमैन और पलवल से कांग्रेस विधायक के सब्र का पैमाना इनेलो विधायक दल के नेता ओमप्रकाश चौटाला को देखते ही छलक जाता है। आज भी सदन में कुछ ऐसा ही हुआ। आगरा नहर पर हरियाणा के प्रशासनिक नियंत्रण के प्रस्ताव पर दलाल विधानसभा में अपनी बात कह रहे थे। इसी दौरान चौटाला सदन में दाखिल हुए। सामने दलाल को बोलता देख कर चौटाला के चेहरे पर भी हल्की मुस्कराहट बिखर गई। दलाल ने भी आगरा का रूट छोड़ कर चौटाला पुराण शुरू कर दिया।
जनता की आंखों में पानी लाने की: बोले- चौटाला जब मुख्यमंत्री थे तो इन्होंने एक बड़ा भयंकर सपना देखा। यूपी में सत्ता पाने का। यूपी कई बार गए भी। आगरा नहर से ही होकर जाते थे, लेकिन कभी भी आगरा नहर में पानी लाने की नहीं सोची। ये तो नहर में पानी लाने की सोचते ही नहीं, सोचते थे तो सिर्फ जनता की आंखों में पानी लाने की। चौटाला को सीएम हमने बनाया। मैं इसके लिए अपनी गलती मानता हूं, इसके लिए प्रायश्चित करता हूं।
हमारी गलती का खामियाजा हमने तो भुगता ही, भुगता जनता और हरियाणा ने भी। हमारे परिवार पर इनका कहर टूटा। इस पर इनेलो विधायकों ने दलाल की कही बातों का कड़ा प्रतिवाद किया,हांलाकि इस दौरान चौटाला शांत रहे।
मामला कुछ शांत होने पर दलाल फिर बोले-हमने बनाया था इन्हें सीएम, दम हैं तो फिर बन कर दिखाए। इस बार तो जनता ने इन्हें विपक्ष के नेता के लायक भी वोट नहीं दिए। दलाल 1999 में बंसीलाल सरकार को गिरा चौटाला को सीएम बनने के दौरान अपनी भूमिका पर सफाई दे रहे थे। तब दलाल बंसीलाल सरकार में कैबिनेट मंत्री थे और बगावत करने वालों में अग्रणी थे।
पहले अपने गिरेबान में तो झांके: इनेलो विधायक दल के उपनेता डॉ.सुशील इंदौरा ने कहा कि पहले दलाल अपने गिरेबान में झांके, खुद के चरित्र के बारे में तो कुछ बताएं। इन्होंने खुद कितनी पार्टियां बदली हैं? कहां कहां रहे हैं? ये तो इनेलो में भी रहे हैं। अब फिजूल की बात करते हैं।