इंदौर.
इंदौर विकास प्राधिकरण की स्कीम-134, 136 और 140 के छोटे प्लॉट्स के आवेदन फॉर्म रातभर छपते रहे। गुरुवार सुबह 10.30 से शाम 6 बजे के बीच करीब बारह हजार फॉर्म बिके। सभी 45 बैंक शाखाओं में फॉर्म लेने वालों की लंबी कतारें देखी गईं। इसके साथ जिला प्रशासन के समाधान केंद्रों पर भी कतारें लगी हैं क्योंकि फॉर्म के साथ आय प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है।
फॉर्म खरीदने वालों का दूसरे दिन भी तांता लगा रहा। प्राधिकरण परिसर में कतार काफी लंबी थी। वहां यूनियन बैंक के अलावा प्राधिकरण के कर्मचारी भी फॉर्म वितरण कर रहे थे। यूनियन बैंक से वितरण दोपहर 12 बजे शुरू हो पाया क्योंकि स्कीम-140 के फॉर्म छपकर नहीं आए थे। अध्यक्ष मधु वर्मा को जानकारी मिली तो वे बैंक मैनेजर के पास गए और दो स्कीम के फॉर्म वितरण करने को कहा। करीब आधे घंटे बाद स्कीम-140 के फॉर्म भी पहुंच गए। श्री वर्मा ने बताया फॉर्म छपने में कुछ देर हो गई थी किंतु अब स्थिति संभल गई है। फॉर्म की कमी नहीं आएगी। हम चाहते हैं जिसे भी फॉर्म चाहिए उसे मिल जाए। करीब डेढ़ लाख फॉर्म छपवा रहे हैं।
आय प्रमाण पत्र बनवाने में जुटे लोग
जिला प्रशासन के निर्देशन में चलाए जा रहे तीनों समाधान केंद्रों पर भी आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। ये प्रमाण पत्र प्लॉट के फॉर्म के साथ जमा होंगे। गुरुवार को इसके लिए 1500 से ज्यादा आवेदन आए। लोगों आय प्रमाण पत्र की नोटरी कराने के लिए भी कतार में लगना पड़ रहा है।