bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

जेल में मिली कैदी की लाश

रायपुर. सेंट्रल जेल की बैरक नंबर-9 में मंगलवार की सुबह खेमलाल उर्फ खेमू(41) की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कैदी सोमवार की रात तक बिलकुल स्वस्थ्य था। उसने बैरक के दूसरे बंदियों के साथ भोजन किया और रात 9 बजे तक टीवी पर फिल्म देखने के बाद सो गया। कैदियों के सुबह जागने पर इसका पता चला। कैदी की अचानक मौत होने से जेल के अफसरों में भी खलबली मच गई और जेल विभाग के डीजी एसके पासवान व डीआईजी पीडी वर्मा समेत तमाम अफसर आनन-फानन में पहुंच गए। देवेंद्र नगर पुलिस ने तहकीकात शुरु कर दी है। दंडाधिकारी जांच भी की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि खेमू की लाश चित पड़ी थी। उसके हाथ-पांव भी सामान्य स्थिति में थे। मृतक के चेहरे में कुछ जगह मामूली खरोंचें होने का पता चला है। जेल विभाग में चल रही चर्चाओं के अनुसार खेमू की मौत सामान्य नहीं है। उसकी मौत को बैरकों में होने वाली ‘हफ्ता वसूली’ से जोड़कर देखा जा रहा है। दो दिन पहले उसे सर्दी खांसी हुई थी। इस बात का भी हल्ला है कि उसकी मौत गलत दवा देने से हुई है। देवेंद्रनगर की टीआई मोनिका पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कैदी के मरने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

खेमू जून 2007 से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। अभनपुर के ग्राम पलौद में उसने अपने ही गांव के एक पुजारी की हत्या कर दी थी। उसके साथ उस केस में दर्जनभर ग्रामीणों को भी सजा हुई है। वे सभी दूसरी बैरकों में कैद हैं। खेमू की मौत की खबर सुनकर उसके गांव के सरपंच और रिश्तेदार पहुंच गए थे। उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों को यह भी शक है कि उसकी मौत गलत इलाज से हुई है। उन्होंने मानव अधिकार आयोग से शिकायत की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: