News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बजट से मिले 744 करोड़ रुपए में एसईसीआर सर्वाधिक राशि 150 करोड़ रुपए रेल पथ नवीनीकरण पर खर्च करेगा। जबकि यात्री सुविधाओं के लिए मात्र 25 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। वहीं कर्मचारियों के लिए आवास बनाने और उन्हें अन्य सुविधाएं देने में 29 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
गौरतलब हो कि वित्तीय वर्ष 2008-09 के लिए रेल बजट में एसईसीआर को विभिन्न विकास कार्यो तथा परियोजनाओं के लिए 744 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि को खर्च करने के लिए एसईसीआर ने अपनी प्राथमिकताओं में रेल पथ नवीनीकरण को शामिल करते हुए इस पर 150 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान किया है।
वहीं 25 करोड़ रुपए यात्री सुविधाओं यानी प्लेटफार्म में चेयर, पेयजल, डिस्प्ले बोर्ड, टीवी आदि पर खर्च किए जाएंगे। इसी बजट में 25 करोड़ रुपए दल्ली राजहरा और जगदलपुर के बीच बनने वाली नई रेल लाइन पर व्यय की जाएगी। वहीं अलग-अलग मार्गो में रेल लाइन दोहरीकरण के लिए 117 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित गोंदिया-जबलपुर नेरोगेज लाइन का उद्धार भी इस बजट से हो सकेगा। इस लाइन को ब्राडगेज बनाने के लिए 140 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
वहीं 65 करोड़ रुपए की लागत से यातायात सुविधा को विकसित करने तथा यार्ड रिमाडलिंग व लूप लाइन निर्माण किया जाएगा। विभिन्न स्टेशनों व कार्यालयों को कम्यूटराइज्ड करने में 11 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से घातक समपार फाटक को मानव रहित फाटक बनाने के लिए भी प्रावधान है जिसमें 25 करोड़ रुपए लगेंगे।
इसके साथ ही ओवर ब्रिज, अंडर ब्रिज के लिए 36 करोड़, पुल के लिए 18 करोड़, संकेत व दूर संचार कार्यो के लिए 63 करोड़ और अन्य विद्युतीय कार्यो के लिए 8 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस वर्ष मिले बजट से रायपुर डबल्यूआरएस, भिलाई लोकोशेड व अन्य लोकोशेड को दुरुस्त करने के लिए राशि खर्च करने पर भी जोर दिया गया है। एसईसीआर इसके लिए 11 करोड़ रुपए खर्च करेगा। शेष 25 करोड़ रुपए अन्य महत्वपूर्ण कार्यो के लिए रखा गया है।