News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. माइको कंपनी के अधिकारियों ने पुलिसबल साथ लेकर शहर की तीन आटो पार्ट्स दुकानों में छापा मारा। सभी दुकानों से उन्हें नकली आयल फिल्टर बरामद हुआ। पुलिस ने दुकान संचालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार सौ बीसी और कापी राइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
शहर की आटो पार्ट्स दुकानों में बड़ेे पैमाने पर नकली पार्ट्स बेचे जाने की लगातार शिकायतों के बाद माइको कंपनी के अधिकारियों का दल गुरुवार को शहर पहुंचा। अधिकारियों ने सूचना के आधार पर तीन आटो पार्ट्स दुकानों को चिह्नंकित किया। टीम में लगभग 14 अधिकारी थे। दोपहर को कंपनी की टीम संबंधित थानों में पहुंची और थाना प्रभारी से चर्चा कर छापा मारने की जानकारी देते हुए पुलिसबल की मांग की।
छापे की खबर लीक न हो इसके लिए अधिकारियों ने सदस्यों की तीन टीम बना ली और एक साथ छापा मारने की योजना बनाई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा स्थित विजय ट्रैक्टर्स में छापा मारकर वहां से 17 नग नकली आयल फिल्टर बरामद किए गए। जब्त पार्ट्स में माइको कंपनी का नाम लिखा हुआ था, लेकिन असल में वह लोकल माल था। पुलिस ने संचालक वेयर हाउस रोड निवासी नानक पिता बीएल पंजवानी को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ही महाराणा प्रताप चौक स्थित आशमा आटोमोबाइल्स में मारे गए छापे में भी टीम को 17 नग नकली आयल फिल्टर बरामद हुए। इनमें भी माइको कंपनी का टैग लगा हुआ था। पुलिस ने दुकान के संचालक लिंक रोड निवासी शफीक अहमद पिता फरीद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। इधर तारबाहर पुलिस के साथ मिलकर टीम ने लिंक रोड स्थित विजय आटोमोबाइल्स में छापा मारा। छापे में टीम को लगभग 15 नग नकली आयल फिल्टर मिले।
इन सभी में माइको कंपनी के टैग लगे हुए थे। पुलिस ने दुकान संचालक विजय कुमार पीपलानी को भी गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता से आए कंपनी के अधिकारियों ने पकड़े गए तीनों दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भादवि की धारा 420 व कापीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।