नई दिल्ली. एयरपोर्ट कर्मचारियों द्वारा देशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के बाद देश भर के हवाई अड्डों पर हालात सामान्य हो गए हैं और सफाई अभियान जोर-शोर से जारी है।
भारतीय एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई चारों मेट्रोपॉलिटन में उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं। दो दिन हड़ताल के कारण हवाई अड्डों और शौचालयों में हुई गंदगी को यात्रियों की सुविधाओं का खयाल रखते हुए प्राथमिकता से साफ किया जा रहा है।
कोलकाता में एएआई यूनियन के स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान में साथ दिया है। एयरपोर्ट अधिकारी कर्मचारी संयुक्त यूनियन द्वारा असहयोग की घोषणा किए जाने के बाद दो दिन हड़ताल से उड़ानें प्रभावित नहीं हुईं लेकिन हवाई अड्डों की अन्य गतिविधियों और ग्राउंड सेवाओं पर असर पड़ा।
नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल के साथ सीटू व सीपीआईएम के नेताओं की मौजूदगी में एयरपोर्ट अफसरों व कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की एक घंटे चली बैठक के बाद गुरुवार रात को हड़ताल वापस ली गई थी। हड़ताल की वजह हैदराबाद और बेंगलूरु हवाई अड्डों को बंद करने का विरोध था।
संबंधित खबरें
* एयरपोर्ट कर्मियों की हड़ताल रद्द