लंदन. ब्रिटेन की नागरिक 15 वर्षीय स्कारलेट कीलिंग की मौत के मामले की ब्रिटिश मीडिया में आलोचनाओं के बावजूद गोवा की समुद्री खूबसूरती पर ब्रितानी फिदा हैं और उनके कार्यक्रम यथावत हैं।
टूर संचालकों का कहना है कि गोवा में छुट्टी बिताने के लिए वही रुझान बरकरार है। अखबारों और टीवी पर लगातार ब्रिटिश लोग रिपोर्टो पर नजर रखे हैं लेकिन अब तक स्कारलेट मामले की वजह से कोई बुकिंग रद्द नहीं की गई है। दूसरी तरफ, लंदन, मैनचेस्टर व अन्य स्थानों पर रीयल एस्टेट प्रदर्शनी के दौरान कई ब्रिटिश नागरिकों ने गोवा में संपत्ति खरीदने की रुचि भी जताई।
वहीं, गोवा से आईं कुछ खबरों में ब्रितानियों के हवाले से कहा गया है कि गोवा बहुत सुरक्षित है और वे वापस यूके लौटना नहीं चाहते। स्कारलेट प्रकरण की आलोचना से उलट कई ब्रितानी अखबार गोवा के सौंदर्य और पर्यटन की तारीफ कर रहे हैं। टाइम्स ने भी लिखा है कि वर्ष 2007 में 1 लाख 60 हजार ब्रितानी गोवा में पर्यटन का लुत्फ ले चुके हैं।
इस रिपोर्ट में लिखा गया है कि डेढ़ लाख से ज्यादा ब्रितानी गोवा गए और उनमें से 10 लोगों की मौत हुई। अधिकांश मौतें प्राकृतिक कारणों से हुईं। दूसरी तरफ, थाईलैंड में पर्यटन के लिए 2006 में करीब 3 लाख 81 हजार ब्रितानी गए थे जिनमें से 224 की मौत हुई थी।