लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी के कई इलाकों में कॉल गर्ल रैकेट चलाया जा रहा था जिसका पर्दाफाश एसटीएनफ ने किया और रैकेट चलाने वाली चार महिलाओं व 11 लड़कियों समेत कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया।
एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि राजधानी लखनऊ की आलीशान कॉलोनियों इंदिरानगर और अलीगंज सहित लगभग आधा दर्जन क्षेत्रों में लड़कियों को नौकरी देने के नाम पर कॉलगर्ल रैकेट चलाए जाने की जानकारी मिली थी, जिस पर पिछले कुछ दिनों से निगाह रखी जा रही थी।
सूत्रों ने बताया कि आज दोपहर महानगर थाना क्षेत्र के क्लासिक चौराहे के पास प्रेमसिंह नामक एक युवक एक लड़की को लेकर जा रहा था, जिसे एसटीएफ टीम ने दबोच लिया। इनसे पूछताछ के बाद लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापा मारकर 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास एक इंडिका कार, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।