फ्रांस आकर आपको विविधता और प्रकृति का मेल देखने को मिलता है। यहां की खूबसूरत वादियां, ऐतिहासिक शहर, हिल टाउन, कैथ्रेडल और म्यूजियम्स इसे डिवाइन बनाते हैं। रोमांटिक शाम से लेकर शैंपेन के वाइन यार्डस तक सब यहां मौजूद हैं।
पेरिस की ब्यूटी
फ्रांस आने वाले ज्यादातर पर्यटक घूमने की शुरुआत पेरिस से ही करते हैं। आप इसका ज्यादातर हिस्सा खुद ही घूम सकते हैं। नौकायान के शौकीनों के लिए सीन नदी में शाम को क्रूज की व्यवस्था भी है। चूंकि पेरिस में रात का नजारा सबसे खूबसूरत होता है, इसलिए ये आपके लिए मैजिकल ट्रिप साबित हो सकता है। पेरिस आने पर विलेज ऑफ मांटमार्टे जाकर सार्क ओ बैसिलिका देखना न भूलें। यहां आप डिनर के आनंद के साथ ही इतनी ऊंचाई पर बैठकर नीचे बसे खूबसूरत पेरिस का नजारा ले सकते हैं। चूंकि पेरिस दुनिया का फैशन कैपिटल है इसलिए यहां की शॉपिंग का भी अपना अलग ही मजा है।
डिजॉन
ये एक ऐसा शहर है जिसकी अपनी ही कुछ खास स्टाइल है। यहां की हाई स्पीड टीजीवी ट्रेन में बैठकर आपको स्पीड का सही अंदाज लगेगा। डिजॉन में पैदा होने वाला सरसों बहुत मशहूर है, ज्यादातर दुकानदार इसे बेचते नजर आते हैं।
लियॉन
फ्रांस के खास और खूबसूरत शहर लियॉन को यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा दिया है। यहां बस, ट्रॉम या मेट्रो में घूमने के लिए कार्ड बनवा लीजिए। इससे म्यूजियम, शोज और शॉपिंग में डिस्काउंट मिलता है। लियॉन के पार्क, ग्रेंड लियॉन एक्वेरियम और जू भी देखने लायक जगहों में से हैं, खासतौर पर अगर आपके साथ बच्चे भी हैं।
और क्या
फ्रांस आकर अगर आपने नाइस में समय नहीं बिताया तो समझ लें कि ट्रिप अधूरी ही रही। यहां से केन्स, मोनाको और मोंटेकालरे भी नजदीक ही हैं। यहां के लोग काफी सोशल होते हैं और आसानी से घुल-मिल जाते हैं।
कैसे घूमें
यहां घूमने के लिए खुद ड्राइव करने वाली गाड़ियां, ट्रेन और मेट्रो मौजूद हैं। यहां के मध्यकालीन गांव यकीनन आपको सबसे ज्यादा आकर्षित करेंगे। फ्रांस की ट्रेवल एजेंसियां आपको इस अंदाज में घुमाएंगी कि लोकल आदमी की तरह घूम सकेंगे।