जयपुर. स्पॉट बिलिंग प्रोजेक्ट ने बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी कम करने के बजाय बढ़ा दी है। इसमें ली जा रही गलत रीडिंग व कार्यालय में बैठकर तैयार दिए जा रहे बिजली बिलों की वजह से उपभोक्ताओं की बिल राशि दो से तीन गुणा बढ़ गई है।
जयपुर जिला सर्किल के विश्वकर्मा सब-डिवीजन पर सोमवार को भंभोरी, कालवाड़, हाथोज, मांचवा सहित अन्य इलाकों के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई। एईएन के ऑफिस में मौजूद नहीं होने से उन्होंने हंगामा किया।
वहीं कर्मचारियों का कहना है कि ठेकेदार के कर्मचारियों की गलतियों का खमियाजा ऑफिस में बैठ स्थायी कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। छह महीने में भी स्पॉट बिलिंग की स्थिति नहीं सुधरी है।
उपभोक्ता अपना गुस्सा हमारे ऊपर उतारते हैं। विश्वकर्मा सब-डिवीजन के एईएन एके गुप्ता ने बताया कि स्पॉट बिलिंग के नए काम में गलती तो होती ही है, गलती सुधार दी।