HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

..तो आत्मदाह करेंगे कर्मचारी

विदिशा. प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पदस्थ अंशकालीन वार्डबाय एवं स्वीपरों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से नाराज इन स्वास्थ्य कर्मियों ने 19 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया है। यदि फिर भी प्रशासन नहीं चेता तो वे परिवार सहित आत्मदाह करेंगे।

डेढ़ साल पहले तत्कालीन सीएमएचओ डा. केडी दुबे ने जिले के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अंशकालीन वार्डबाय एवं स्वीपरों की नियुक्ति की थी। शिकायत के बाद तत्कालीन कलेक्टर आरके माथुर ने स्वास्थ्य विभाग की जांच कराई थी और सारा रिकार्ड जब्त कर लिया था तथा अवैधानिक रूप से गई सभी नियुक्तियों को निरस्त कर दिया था। इसके बाद अंशकालीन स्वीपर और वार्डबाय हड़ताल पर बैठ गए थे। उस समय तत्कालीन सीएमएचओ डा. बीके चौबे ने 36 अंशकालीन वार्डबाय और स्वीपरों को नौकरी पर ले लिया था, तब से यह नियमित रूप से काम कर रहे हैं।

लेकिन डा. चौबे के बाद सीएमएचओ बने डा. आरके जैन ने अभी हाल ही में इन वार्डबाय और स्वीपरों के वेतनमान के संबंध में शासन से बजट मांगा था, लेकिन शासन ने बजट देने से मना कर दिया है। ऐसी स्थिति में इनका वेतन डा. जैन ने रोक दिया है।

करीब चार माह से इनका वेतन रुका हुआ है, इससे इन कर्मचारियों को परिवार चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंशकालीन वार्डबाय रामबाबू शर्मा, नेतराम लोधी, राकेश शर्मा का कहना था कि वे नियमित रूप से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसी स्थिति में वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

यदि उन्हें वेतन नहीं मिलता है तो वे 19 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। इसके बाद भी कोई निराकरण नहीं होता है तो वे परिवार सहित आत्मदाह कर लेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर, एसपी, सीएमएचओ, सिविल सर्जन और थाना प्रभारियों को लिखित में सूचना भी दे दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग में अंशकालीन पद पर रखने का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन डा. दुबे ने अंशकालीन नियुक्तियां की थीं, जो जांच के बाद कलेक्टर ने निरस्त कर दी थीं, लेकिन बाद में डा. चौबे ने पुन: नौकरी पर ले लिया था। अब बजट स्वीकृत नहीं होने के कारण वेतन नहीं दिया जा रहा है।

- डा. आरके जैन, सीएमएचओ, विदिशा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: