bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

तीन पर्व संग, बिखरेंगे सद्भाव के रंग

भोपाल. शहर में 21 मार्च को त्योहारों की ‘त्रिवेणी’ पर केवल होली ही नहीं बल्कि सद्भाव के रंग भी बरसेंगे। होलिका दहन के पूर्व दिन में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में विभिन्न धर्मो के लोग शिरकत करेंगे। इसी दिन गुड फ्राइडे पर गिरजा घरों से गूंजेंगे ईस्टर की आराधना के स्वर। होलिका दहन और ईद मिलादुन्नबी की विभिन्न संगठनों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। गिरजा घरों में गुड फ्राइडे के कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। कोलार रोड स्थित सेंटनरी चर्च समेत अनेक गिरजा घरों में सोमवार की शाम ईस्टर की विशेष प्रार्थनाएं हुईं। गुड फ्राइडे पर क्रूस की सात वाणियों का वाचन, प्रार्थना व अन्य कार्यक्रम होंगे।

सद्भाव का संदेश : सेंट जान चर्च के फादर अनिल मार्टिन का कहना है कि शुभ शुक्रवार, होली और मिलादुन्नबी पर्व एक साथ हैं। यानी प्रकृति भी हमें इन पर्र्वो के जरिए सद्भाव से रहने का संकेत दे रही है।

सात सौ जगह जलेगी होली : शहर में शुक्रवार की रात करीब सात सौ स्थानों पर होलिका दहन होगा।

जुलूस निकलेंगे: पुराने शहर के दयानंद चौक से हिंदू उत्सव समिति के बैनर तले शनिवार की सुबह 10 बजे हुरियारों का जुलूस शुरू होगा। नेहरू नगर कोटरा चौराहे से नव युवक हिंदू उत्सव समिति द्वारा सुबह साढ़े 10 बजे चल समारोह निकाला जाएगा। शाहपुरा, कोलार, अशोका गार्डन, बरखेड़ी, करोद, अयोध्या नगर, गोविंदपुरा व बैरागढ़ में भी हुरियारों की टोलियां जुलूस की शक्ल में निकलेंगी।

लकड़ी डिपो खुले: वन विभाग ने जलाऊ लकड़ी के चौदह स्थानों पर अस्थाई डिपो खोले हैं। इन डिपो से 230 रुपए क्विंटल के हिसाब से लकड़ी दी जा रही है।

संकल्प: शहर के अनेक संगठनों व लोगों ने संकल्प लिया है कि वे होली पर जल बर्बाद नहीं करेंगे। पर्यावरण के क्षेत्र में काम कर रही अनेक संस्थाओं ने लोगों से अपील की है कि वे सूखे और प्राकृतिक रंगों, चंदन, अबीर और गुलाल से होली खेलें। पानी व्यर्थ न बहाएं।

निकलेगा जुलूस: अभा मुस्लिम त्योहार कमेटी द्वारा शुक्रवार को मंगलवारा से मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में हिंदू समाज के अखाड़ों के उस्ताद भी शामिल होंगे। कमेटी के अध्यक्ष डा. औसाफ शाहमीरी खुर्रम ने बताया कि अनेक जगह कुरान ख्वानी की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: