भोपाल. माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल परीक्षा में भोपाल जिले में नकल के मामले में छात्राएं, छात्रों से आगे हैं। सोमवार को अंग्रेजी के पेपर में 37 नकल प्रकरण बने, जिसमें 20 छात्राएं शामिल हैं। 18 मार्च को हायर सेकंडरी का हायर मेथमेटिक्स का पेपर होगा।
सोमवार को निरीक्षण दलों ने विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। अनेक परीक्षार्थियों के मुताबिक अंग्रेजी का पेपर ठीक था और उन्होंने इसे समय पर हल कर लिया। उधर कुछ छात्रों को पेपर थोड़ा कठिन लगा और वे नकल लाए थे। जिला शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में 37 विद्यार्थी नकल करते पकड़े गए, जिसमें करीब 20 छात्राएं थीं।
अन्य जिलों में नकल के प्रकरण: निरीक्षण दलों ने अन्य जिलों के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। दलों ने विदिशा में 6, रायसेन में नौ, बैतूल में 11, सीहोर में दस, ग्वालियर में 6, श्योपुर और दतिया में दो-दो, शिवपुरी में सात, गुना में नौ, सिवनी में 33, मंडला में आठ, बालाघाट में एक, छतरपुर में दो, पन्ना में छह, दमोह में एक , इंदौर में 13, धार में छह, झाबुआ में सात, रीवा में एक, उमरिया में 64, अनूपपुर में चार और शहडोल जिले में एक नकल प्रकरण बना।