HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

सुखदेव पांसे हो सकते हैं बैतूल से कांग्रेस प्रत्याशी

नई दिल्ली. मध्यप्रदेश की बैतूल संसदीय सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में मासोद से विधायक और केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ के कट्टर समर्थक सुखदेव पांसे कांग्रेस की ओर से प्रबल दावेदार बनकर उभरे हैं। केन्द्र में बैठे प्रदेश के आला नेताओं ने बैतूल और हरदा जिले के कांग्रेस नेताओं से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पांसे को उम्मीदवार बनाए जाने का मन बनाया है। हालांकि इस मसले पर अंतिम निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेना है।

बैतूल के मसले पर सोमवार सुबह १२ बजे केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ के आवास पर पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह, महासचिव और प्रदेश के प्रभारी नारायण सामी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी की मंत्रणा हुई। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान पांसे के अलावा पूर्व मंत्री डा.अशोक सावले, विनोद डागा और हेमंत वागद्रे का नाम चर्चा में था।

बैतूल और हरदा के नेताओं का जोर स्थानीय उम्मीदवार पर होने के कारण पूर्व सांसद गुफराने आजम के नाम पर विचार नहीं किया गया। इस संबंध में पूछे जाने पर सामी का कहना था ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की हरी झंडी मिलते ही बैतूल से पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी’। कमलनाथ और पचौरी ने पांसे सहित स्थानीय नेताओं विनोद डागा, डा.अशोक सावले , प्रताप सिंह उइके,राजेन्द्र जायसवाल, हरदा जिला अध्यक्ष अनिल पटेल, हेमंत ताले नगरपालिका अध्यक्ष हरदा, पीआर बोड़खे, हेमंत वाग्रदे से इस मसले पर अलग-अलग बातचीत की। सभी नेताओं से रायशुमारी के बाद पांसे प्रबल दावेदार के रूप में उभरे है।

बुधवार को पचौरी करेंगे बैतूल में चुनाव कार्यालय का उद्याटन: उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा के बाद पचौरी बुधवार को बैतूल में चुनाव कार्यालय का उद्याटन करने के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

कमलनाथ ने नकुल के नाम पर कहा ना...

सोमवार सुबह कमलनाथ के आवास पर बैठक से पहले पचौरी और सामी ने स्थानीय नेताओं से अलग-अलग चर्चा की। इस दौरान पांसे सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव जीताने का दावा करते हुए कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को बैतूल से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की। इस पर पचौरी और सामी द्वारा इन नेताओं से दूसरी पसंद पूछे जाने पर इनका कहना था कि जो आलाकमान का निर्णय होगा मान्य होगा। सूत्रों के मुताबिक नकुल को चुनाव लड़ाए जाने की मांग पर कमलनाथ ने साफ तौर पर ना कह दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: