HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

गेहूं,जौ की आवक बढ़ी, भावों में गिरावट

जयपुर. गुजरात एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में इन दिनों गेहूं की भरपूर आवक होने की खबर है। राजस्थान की कोटा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, चित्तोड़गढ़ तथा बारां आदि मंडियों में सोमवार को नए गेहूं की कुल आवक तकरीबन 30 हजार बोरी की बताई गई। इसे देखते हुए सोमवार को ही गेहूं दड़ा 20 से 30 रुपए और सस्ता हो गया। जयपुर में इसके मिल डिलीवरी भाव 1160 से 1170 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।

इस बीच बस्सी मंडी (जयपुर) में आज 300 बोरी नया जौ उतरने की खबर है। बस्सी में लूज जौ 1020 से 1075 रुपए, जबकि जयपुर में 1075 से 1100 रुपए प्रति क्विंटल पर 25 रुपए टूट गया। सूरजपोल मंडी में घनश्यामदास राधागोविंद के अनुसार दौसा मंडी में 50 बोरी नया जौ आया। इसी प्रकार महुआ व मंडावर आदि में मंडियों में जौ की छिटपुट आवक होने लगी है। जौ की भरपूर आवक होली के बाद होने की उम्मीद है।

जानकारों का कहना है कि राजस्थान में इस बार फसल पर भी गेहूं की कीमतें तेज ही रहेंगी। कोटा, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा का गेहूं मध्य प्रदेश चला जाएगा, क्योंकि वहां पर गेहूं का समर्थन मूल्य 1100 रुपए है, जबकि राजस्थान में 1000 रुपए प्रति क्विंटल है। परिणामस्वरूप राजस्थान में गेहूं की कीमतों में लंबी मंदी आने के आसार नहीं हैं। इसी प्रकार गुजरात के गेहूं का राजस्थान में पड़ता नहीं है।

छोटी इलायची में मंदी के आसार

उधर नीलामी केन्द्रों पर छोटी इलायची की आवक बढ़ने से वहां पर इसके भावों में निरंतर गिरावट आ रही है। जयपुर मंडी में भी छोटी इलायची एक सप्ताह के अंतराल में 100 रुपए मंदी होकर सोमवार को 500 से 650 रुपए प्रति किलो रह गई। इसकी कीमतों में और मंदी की संभावना व्यक्त की जा रही है। दीनानाथ की गली में पी.एस. एंटरप्राइजेज के जीतेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि ग्वाटेमाला में भी एक पखवाड़े के दौरान इलायची में दो डॉलर प्रति किलो की मंदी आ चुकी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: