इंदौर. रालामंडल अभयारण्य को बचाने के लिए सरपंचों ने मोर्चा संभाल लिया है। ये सरपंच बुधवार से अपने-अपने क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। पांच हजार हस्ताक्षरों के साथ अभयारण्य की पात्रता बनाए रखने के लिए ज्ञापन भिजवाया जाएगा। अभियान के संबंध में सोमवार को सरपंचों ने बैठक भी आयोजित की। बैठक में सभी ने तय किया कि किसी भी हालत में अभयारण्य का दर्जा समाप्त नहीं करने दिया जाएगा।
अभयारण्य को बचाने के लिए रालामंडल पंचायत के सरपंच गब्बूसिंह पटेल, कैलोद के सरपंच पदमसिंह मसकरा, असरावद के सरपंच दयाराम पटेल, मिर्जापुर की सरपंच श्रीमती चंपाबाई पटेल ने हस्ताक्षर अभियान चलाने की योजना में हिस्सा लेने की बात कही। मध्यभारत क्षत्रिय राजपूत परिषद के सचिव खेमराजसिह राजपूत ने बताया बैठक में रालामंडल सेवा सहकारी संस्था के अध्यक्ष माधोसिंह पटेल सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद थे। पांच हजार हस्ताक्षरों का ज्ञापन कलेक्टर विवेक अग्रवाल के माध्यम से राष्ट्रपति श्रीमती पाटिल के पास भेजा जाएगा।
इधर, विधायक तुलसी सिलावट ने बताया केंद्रीय मंत्रीद्वय सुरेश पचौरी व कांतिलाल भूरिया, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और अजयसिंह जल्द ही प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह से मिलकर आग्रह करेंगे कि केंद्र इसे डीनोटिफाई न होने दे।