HomeNewsMetrosIndore Indore

सड़क पीछे हटाइए कि रेल आ रही है!

इंदौर. पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के एक पत्र से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और रेलवे में नया विवाद शुरू हो सकता है। रेलवे ने प्राधिकरण से कहा है निर्माणाधीन इंदौर-खलघाट फोरलेन रोड प्रस्तावित दाहोद-इंदौर रेल लाइन से बार-बार क्रॉस हो रही है इसलिए रोड को पीछे हटाइए। इधर, इस मांग से एनएचएआई अचंभित है। अपने जवाब में उसने पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल को दो टूक कह दिया है यह संभव नही।

अचानक प्रकट हुई इस दिक्कत ने दोनों योजनाओं में नया पेंच डाल दिया है। पश्चिम रेलवे के आधिकारिक सूत्रों का कहना है रेलवे ने यह पत्र इसलिए लिखा क्योंकि इंदौर-खलघाट फोरलेन रोड और प्रस्तावित दाहोद-इंदौर रेल लाइन के अलाइनमेंट तीन-चार जगह क्रॉस हो रहे हैं। अब एनएचएआई के सामने सबसे बड़ी दिक्कत यह है वह सड़क निर्माण तेज गति से शुरू कर चुका है और 77.64 किलोमीटर लंबी सड़क का काम उसे सितंबर-2009 तक पूरा करना है।

इतना काम होने के बाद अब सड़क शिफ्ट कर पाना किसी भी सूरत में संभव नहीं है। आधिकारिक सूत्र कहते हैं फोरलेन रोड के लिए एनएचएआई पहले ही जमीनें अधिग्रहित कर चुका है इसलिए नए सिरे से जमीन अलाइनमेंट तय कर जमीनें अधिग्रहित करना संभव नहीं है। जो जमीनें प्राधिकरण ले चुका है, उनका क्या होगा?

एनएचएआई की प्रोजेक्ट इम्प्लिमेंट यूनिट के डिप्टी जीएम/प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष असाटी ने स्वीकार किया पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के डिप्टी चीफ इंजीनियर की ओर से हमें इस आशय का पत्र मिला है। हमने उन्हें जवाब भी भेज दिया है कि ऐसा संभव नहीं है। हमारा काम पहले ही शुरू हो चुका है इसलिए रेलवे को ही ट्रैक का अलाइनमेंट बदलना होगा। रतलाम मंडल से रेलवे ट्रैक का अलाइनमेंट मंगवाया है और हम भी उन्हें खलघाट फोरलेन रोड का अलाइनमेंट भेजेंगे। चर्चा से हल निकाल लिया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: