इंदौर.
लंबे समय से विवादों में रही साकेतनगर से रिंगरोड तक बनने वाली सड़क के निर्माण की बाधाएं खत्म होती दिख रही हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसीपी) और नगर निगम ने मिलकर सड़क का अलाइनमेंट तय कर हाईकोर्ट को सौंप दिए हैं जिन पर फैसला होना है। प्रस्तावित सड़क 40 फीट चौड़ी बनना है।
इस सड़क के निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था क्योंकि कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों के मकान प्रस्तावित सड़क में बाधक बन रहे हैं। वर्ष 1975 के मास्टर प्लान में यह सड़क 100 फीट चौड़ी बनना थी किंतु 9 मई 2006 को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ए.के. पटनायक की एकल पीठ द्वारा दिए गए निर्णय के बाद इसे 40 फीट चौड़ा बनाने के निर्देश दिए गए।
सड़क के निर्माण को लेकर हाईकोर्ट ने टीएनसीपी व निगम से अलाइनमेंट तय कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। दोनों विभागों ने शुक्रवार को मिलकर अलाइनमेंट हाईकोर्ट को सौंप दिया। टीएनसीपी के सहायक संचालक नीरज लिखार ने बताया हमने न्यायालय को सड़क से संबंधित सारी जानकारी मय नक्शे केउपलब्ध करा दी है। इसमें सर्वे के आधार पर दो तरह के विकल्प भी दे दिए हैं।
पहला विकल्प- डॉ. शुक्ला के मकान के सामने बनी 12 फीट सड़क के मध्य से 20-20 फीट दोनों ओर सड़क निर्माण किया जा सकता है। इस निर्माण में टेलीफोननगर के कुछ मकान भी बाधक बनेंगे जिनका कुछ हिस्सा तोड़ना पड़ेगा।
दूसरा विकल्प- सड़क के दोनों ओर बने भूखंडों की सीमाओं के बीच से सड़क का निर्माण किया जा सकता है। इस विकल्प में टेलीफोननगर के उन मकानों को नुकसान नहीं होगा जो वर्तमान सीमेंट-कांक्रीट की 12 फीट सड़क के मध्य से नापकर बनाई जाने पर होना है।