नई दिल्ली. भारतीय सेना और उस पर गर्व करने वाले कई लोगों को आघात पहुंचाने वाली खबर है कि एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित तीन अफसरों पर दक्षिण अफ्रीका में एक महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है।
इस शिकायत पर तुरंत रक्षा मंत्री एके एंटोनी ने मंत्रालय को जांच करने के आदेश दे दिए हैं। भारतीय वायुसेना के एक कार्यक्रम के बाद एंटोनी ने कहा कि इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बलात्कार के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल और दो मेजर डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कोंगो में संयुक्त राष्ट्र के मिशन के तहत उत्तरी किवू ब्रिगेड में तैनात थे। प्रिटोरिया में एक महिला द्वारा बलात्कार की शिकायत किए जाने के बाद दक्षिणी अफ्रीकी पुलिस ने इन तीनों को पकड़ा भी था।
दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधिमंडल द्वारा यह मामला उठाए जाने के बाद भारतीय रक्षा मंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं।