भोपाल. होली का त्योहार नजदीक आते ही राजधानी मे जगह-जगह हरे-भरे पेड़ कटने लगे हैं। इससे निपटने के लिए वन विभाग व नगर निगम के प्रयास माकूल नजर नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को भी कुछ स्थानों पर पेड़ काटने की सूचना मिली।
एक अनुमान के अनुसार शहर में होली के मौके पर करीब डेढ़ सौ पेड़ काट दिए जाते हैं। ऐसे मामलों में आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस वर्ष भी यहां-वहां पेड़ काटने की सूचनाएं मिल रही हैं। मंगलवार को आकाशवाणी कालोनी में एक बहुत बड़े पेड़ की बलि ले ली गई। इसी तरह इंद्रपुरी में भी एक पेड़ काटा गया। इससे पहले लिंक रोड नंबर तीन, छोटे तालाब के पास, सुभाष नगर, रचना नगर, शाहपुरा आदि क्षेत्रों पेड़ काटे गए हैं।
कार्रवाई के निर्देश: निगम आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पेड़ काटने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। निगम प्रशासन के पास अमले की कमी है, इसलिए विशेष गश्त तो नहीं लगाई जा सकेगी, लेकिन शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। इसके लिए लोग काल सेंटर के नंबर 2701000 पर फोन कर सकते हैं। वन मंडलाधिकारी रवीेंद्र सक्सेना ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वाड विशेष गश्त कर रहे हैं। यदि कहीं ऐसी घटना होती है, तो लोग वन विभाग के नजदीकी कार्यालय में सूचना दे सकते हैं।