नई दिल्ली. समाजवादी पार्टी ने मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में होने जा रहे लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सपा के लोकसभा में संसदीय दल के नेता रामगोपाल यादव ने मंगलवार को यहां बताया कि मध्यप्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनावों में डॉ. सुनीलम पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ लोकसभा सीट से बलराम यादव और खलीलाबाद लोकसभा सीट से भालचंद्र यादव को उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने बताया कि उत्तरप्रदेश की कर्नलगंज विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री योगेशप्रताप ¨सह को और हरदोई जिले की बेलीग्राम सीट पर विश्राम ¨सह को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। श्री यादव ने बताया कि उत्तरप्रदेश की मुरादनगर विधानसभा सीट पर पार्टी उम्मीदवार का चयन अगले एक-दो दिन में कर लिया जाएगा।
राजनाथ कल बैतूल में
भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह गुरुवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बैतूल पहुंच रहे हैं। इसी दिन वे लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर समेत कई मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। श्री सिंह जिला भाजपा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे।