भोपाल. उज्जैन के प्रो. सभरवाल हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को उनके बेटे हिमांशु सभरवाल ने रोशनपुरा चौराहे पर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। वहीं दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी जेसिका लाल की बहन सबीना लाल सहित कई अन्य समाज सेवियों ने प्रदर्शन किया।
रोशनपुरा चौराहे पर हिमांशु सभरवाल के आमरण अनशन के समर्थन में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी, विधायक सज्जन सिंह वर्मा, कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल और पूर्व विधायक पीसी शर्मा आदि पहुंचे। आमरण अनशन स्थल पर ‘न्याय का दमन बंद करो’, ‘ये किसको बचाने की कोशिश है?’ आदि नारे लिखे थे। श्री सभरवाल ने कहा कि जब तक पिता की हत्या के मामले में सीबीआई जांच नहीं होती, तब आमरण अनशन जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि हिमांशु सभरवाल अपने पिता के कातिलों को पकड़वाने के लिए कई दिनों से राजनीतिक और सामाजिक समर्थन पाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी दूसरे राज्य की अदालत में मामले की सुनवाई के लिए याचिका लगाई थी, जिसमें उन्हें सफलता मिली और सुप्रीम कोर्ट ने इसकी सुनवाई नागपुर उच्च न्यायालय में कराने का फैसला दिया। अब हिमांशु प्रकरण की सीबीआई की जांच की मांग के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।