भोपाल.
समाजवादी पार्टी के विधायक किशोर समरीते ने राज्य सभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार विवेक तन्खा को वोट देने के लिए दस लाख रुपए दिए जाने का आरोप लगाया है। श्री समरीते का आरोप है कि उन्हें यह रकम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी के कहने पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र कुमार सिंह ने पूर्व मंत्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति के जरिए भिजवाई। श्री समरीते ने रिश्वत दिए जाने की शिकायत आईजी, एसपी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है। सपा विधायक दल के नेता ने मंत्रियों पर प्रलोभन देने का आरोप लगाया है।
निर्दलीय प्रत्याशी श्री तन्खा को समाजवादी पार्टी ने आधिकारिक तौर पर समर्थन करने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद इस पार्टी के आठ विधायकों में इस मामले में एकता नहीं है। श्री समरीते ने कहा कि उन्होंने मतदान नहीं करने का ऐलान कर दिया था, इसी वजह से उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि सफेद एम्बेसेडर एमपी-04-9000 में आए पूर्व मंत्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने उन्हें श्री तन्खा के पक्ष में मतदान के लिए दस लाख रुपए दिए।
श्री समरीते के आरोप के मुताबिक ये रुपए कांग्रेस विधायक राजेंद्र कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी के कहने पर प्रजापति के हाथ भिजवाए। श्री समरीते ने कहा कि राजेंद्र कुमार सिंह के अलावा नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी भी इसमें शामिल हैं। इस संबंध में श्री समरीते ने श्री प्रजापति का मोबाइल नंबर भी दैनिक भास्कर को बताया जिस पर उनकी श्री प्रजापित से बात हुई थी। इस नंबर- 9425008886 पर भास्कर ने बात करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी।
इधर सपा विधायक दल के नेता डा. सुनीलम ने मुलताई से दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि राज्य सभा की तीसरी सीट के लिए मतदान करने के लिए सत्ताधारी दल भाजपा की ओर से गैर कांग्रेसी विपक्ष को आथिर्क प्रलोभन दिए जा रहे हैं। जबकि पार्टी पहले ही निर्दलीय उम्मीदवार विवेक तन्खा के समर्थन का निर्णय ले चुकी है। सपा सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए पार्टी के आठ विधायकों में एकराय नहीं है। उनके बीच परस्पर आरोप-प्रत्यारोप भी लग रहे हैं। जिनमें लेनदेन के आरोप भी लग रहे हैँ।