इंदौर. गुजराती समाज के व्यावसायिक संस्थान में मंगलवार को बी.कॉम फस्र्ट ईयर के पेपर में छात्र को नकल कराते कॉलेज के ही एक प्यून को पकड़ा। मंगलवार को बी.कॉम फस्ट ईयर का अर्थशास्त्र का पेपर था। सुबह सात बजे परीक्षा शुरू होने के बाद यूनिवर्सिटी द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर प्रो. राजीव झालानी कॉलेज में निरीक्षण के लिए पहुंचे।
उन्होंने देखा कमरा नंबर ४क्२ में कॉलेज का ही प्यून नीरज चौहान एक छात्र को नकल सामग्री दे रहा है। वह श्री झालानी को देख भागने लगा लेकिन पकड़ा गया। हालांकि प्यून जिस छात्र को नकल सामग्री दे रहा था, उसकी जांच में कोई सामग्री नहीं मिली। इसकी जानकारी कंट्रोल रूम में परीक्षा के केंद्राध्यक्ष सुनील खत्री और वरिष्ठ केंद्राध्यक्ष संजय बंसल को दी। इस पर प्यून को तत्काल परीक्षाकार्य से निलंबित कर दिया।
कपड़ों में छिपाकर लाया चिट
इसी केंद्र पर परीक्षा में एक छात्र अपने कम्पास पर लिखकर लाया था। जब ऑब्जर्वर झालानी ने उसकी तलाशी ली तो उसके कपड़ों में कई चिट मिली। उसने सेप्टी पिन और स्टेप्लर पिन से चिटें लगा रखी थी। इस पर उक्त छात्र का नकल प्रकरण बनाया गया। इधर, सॉफ्टविजन कॉलेज में बी.कॉम. की परीक्षा के दौरान एक छात्र सिरीज लेकर बैठा था। उसे यूनिवर्सिटी के ऑब्जर्वर प्रोफेसर श्यामसुंदर पलोड़ ने पकड़ा ओर नकल प्रकरण बनाया। इसी कॉलेज में एक अन्य छात्र चिट के साथ पकड़ाया।