इंदौर. प्रसिद्ध पाश्र्व गायक नितिन मुकेश को इस वर्ष राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा 17 मई से नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। 18 मई को नितिन मुकेश को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद वे गीतों की प्रस्तुति भी देंगे। संभागायुक्त बसंतप्रतापसिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई आयोजन समिति की बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
इसमें इस वर्ष भी परंपरागत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रयास किए जा रहे हैं समारोह का आगाज राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त मैहर बैंड से हो। इस बैंड की करीब आधा घंटे की प्रस्तुति के बाद ख्यात गायक-गायिकाओं के कार्यक्रम होंगे। बैठक में बताया गया समारोह के पहले दिन प्रस्तुति के लिए गायक सुदेश भोंसले, सुरेश वाडकर, शास्त्रीय गायक शुजात खान और शुभा मुद्गल से चर्चा की जा रही है। बैठक में सुनिधि चौहान, अलका याग्निक, सोनू निगम, श्रेया घोषाल, अमित कुमार और साबरी जैसे नाम भी प्रस्तुति के लिए सुझाए गए।
आयोजन में नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा सहयोग दिया जाएगा। प्रदेश के प्रतिभावान गायक-गायिकाओं के लिए 16 मई को राज्यस्तरीय सुगम संगीत प्रतियोगिता होगी। बैठक में कलेक्टर विवेक अग्रवाल, संचालक संस्कृति पवन श्रीवास्तव, निगमायुक्त नीरज मंडलोई, एसपी अंशुमान यादव, प्राधिकरण सीईओ प्रमोद गुप्ता, समिति सदस्य डॉ. रागिनी त्रिवेदी, स्वतंत्रकुमार ओझा, भालू मोंढे, डॉ. मंगल मिश्र, उमेश मल्हार, सुधीर दांडेकर, सुमेरसिंह और कल्पना झोकरकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।