News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. कलेक्टर ने बैंक के अफसरों की बैठक लेकर वर्ष भर के कार्यो की समीक्षा की। शासकीय अधिकांश योजनाओं के लिए दिया गया लक्ष्य 80 से 90 प्रतिशत पूरा कर लिया है। पंजाब नेशनल बैंक केवल 35 फीसदी लक्ष्य पा सका है, इस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने प्रबंधन से जानकारी मांगी।
जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र की प्रधानमंत्री रोजगार योजना के अलावा जिला पंचायत, अंत्यावसायी निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा बेरोजगारों व महिलाओं के लिए योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनमें बैंक संबंधित व्यक्ति को फाइनेंस करते हैं। सरकारी योजनाओं के लिए बैंकों को हर वर्ष फाइनेंस व वित्तीय सहायता का लक्ष्य दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2008-09 खत्म होने को है।
ऐसे में बैंकों ने भी करीब 90 फीसदी तक लक्ष्य पूरा कर लिया है। बैंकर्स कमेटी व विभागीय अफसरों की मीटिंग में कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह को लक्ष्य व वर्ष भर के कार्यो का ब्योरा दिया गया। सभी बैंकों के परफार्मेस पर वे संतुष्ट हुए और शेष बचे आंकड़ों को भी जल्द पूरा करने के लिए कहा। पंजाब नेशनल बैंक का लक्ष्य वित्तीय वर्ष की समाप्ति के समय 65 प्रतिशत बचा है। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी जताते हुए इस संबंध में बैंक के समन्वयक को पत्र लिखने के लिए कहा। अंत्यावसायी निगम के अधिकारियों को फर्जी लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने व वसूली की स्थिति से अवगत कराने के लिए कहा गया।