HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

चावल की गड़बड़ी करने वाले भाजपा नेता

रायपुर. चावल वितरण में गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के मामले पर विधानसभा में आज हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार दोषी लोगों को बचा रही है। भाजपा से जुड़े होने के कारण उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

कांग्रेस विधायक मोहम्मद अकबर ने प्रश्नकाल में यह मामला उठाया। उन्होंने जानना चाहा कि रायपुर, दुर्ग और कबीरधाम जिले में चावल की चोरी करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है? गृहमंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि रायपुर जिले में तीन, दुर्ग में 15 और कबीरधाम जिले में 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। श्री अकबर ने जानना चाहा कि दुर्ग जिले के ग्राम मटका (बेमेतरा) में चावल चोरों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई?

इस पर श्री नेताम ने बताया कि सरपंच श्रीमती सुरेखा यदु, राजकुमार यदु और कामताप्रसाद वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। श्री अकबर ने आरोप लगाया कि कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बाद भी चावल का परिवहन करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरकार उसको बचाने में लगी है क्योंकि वह भाजपा से जुड़ा नेता है।

श्री नेताम ने इससे इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच चल रही है, दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिवहनकर्ता का नाम जानने का भी प्रयास किया लेकिन श्री नेताम ने नाम नहीं बताया। उन्होंने केवल इतना कहा कि दोषी लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

उनके इस जवाब के बाद कांग्रेस विधायक हंगामा करने लगे। भूपेश बघेल और रविंद्र चौबे के साथ धर्मजीत सिंह सरकार से कार्रवाई के संबंध में ठोस पहल चाहते थे। गृहमंत्री ने उनकी यह बात नहीं सुनी। भाजपा वालों पर लगातार आरोप लगे तो संसदीय कार्यमंत्री अजय चंद्राकर और अन्य लोग खड़े होकर प्रतिकार करने लगे। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप के कारण सदन में हंगामा होने लगा। जवाब नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सदन से वाकआउट किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: