HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

रोजगार गारंटी के श्रेय को लेकर वॉकआउट

जयपुर. राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से संबंधित होर्डिंगों पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और ग्रामीण विकास मंत्री के चित्रों को लेकर मंगलवार को विधानसभा में कांग्रेस के सदस्यों ने भारी हंगामा किया और सदन से बाहर चले गए।

वे आरोप लगा रहे थे कि राज्य सरकार केंद्र की यूपीए सरकार की इस योजना को अपनी बताकर वाहवाही लूट रही है। पाले और शीतलहर से फसली नुकसान की गिरदावरी में गड़बड़ियों के आरोप भी सदन में जमकर उछले।

शून्यकाल में कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा ने यह मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार केंद्र से पैसा लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। सत्तापक्ष के सदस्यों ने इसका विरोध किया तो कांग्रेसी सदस्यों ने कड़ा विरोध किया और वैल के पास पहुंचकर हंगामा करने लगे।

संसदीय कार्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ व अन्य ने जोर-शोर से आरोपों का जवाब देने की कोशिश की। माकपा के अमराराम ने पाले से नष्ट हुई फसलों की गिरदावरी रिपोर्ट में गड़बड़ियों के आरोप लगाए और कहा कि जिस खेत में 100 प्रतिशत फसलें जल र्गई, वहां भी 10 प्रतिशत खराबा दिखाया गया है।

ऐसे मामलों में तहसीलदारों ने भारी गड़बड़ियां की हैं। इस पर आपदा एवं राहत मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि उन्होंने प्रकरण की जांच कराने के आदेश दिए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के रणवीर गुढ़ा और कांग्रेस के संयम लोढ़ा ने भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने घर बैठे ही गिरदावरी की रिपोर्ट तैयार कर दी। उन्होंने खेतों में जाकर पाले का असर देखा ही नहीं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: