. जालंधर
उभरती गायिका कल्पना इस होली पर बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि इस बार उनकी एक साथ तीन फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। इन फिल्मों में शामिल एक फिल्म में वे आइटम गर्ल राखी सावंत के लिए गाना गा रही हैं। इसे लेकर कुछ समय तक विवाद भी चला।
फिल्म वैलकम में अपनी आवाज का जादू बिखेरने के बाद अब कल्पना आगामी फिल्मों को लेकर उत्साहित हैं। यहां हुई गायिका कल्पना से खास बातचीत -
आपकी लाइफ में होली का महत्व?
बचपन से ही मुझे होली खेलना बेहद पसंद है। मुझे रंगों का त्यौहार होली खासकर मुंबई में खेलना ज्यादा पसंद है। इस बार की होली में शशि रंजन की फिल्म ‘धूम धड़ाका’ रिलीज होने जा रही है, जिसमें मैंने रूप कुमार राठौर के संगीत में उदित नारायण के साथ होली का गाना गाया है।
होली पर कौन सी फिल्में रिलीज हो रही हैं?
धूमधड़ाका के साथ दो अन्य फिल्में होली पर रिलीज होने जा रही हैं। पहली फिल्म ‘संडे क्यों आता है’ में मेरा सोलो गाना है, जो कुमार शानू के संगीत में हैं। इस गाने को आइटम गर्ल राखी सावंत पर फिल्माया गया है। इस होली में मेरी और राखी सावंत की जुगलबंदी होगी। दूसरी फिल्म है ‘मेम साहब’ जिसका संगीत हाल में रिलीज किया गया है, इसमें मैंने युक्ता मुखी के लिए गाना गाया है।
होली किसके साथ और कैसे मनाना पसंद करती हैं?
होली पावन पर्व है, जिसे मैं अपने परिवार के साथ मनाना पसंद करती हूं। फिलाहल मैं शूटिंग के दौरान अपने सहयोगी कलाकारों व फिल्म परिवार के साथ होली मनाती हूं।
आपकी आने वाली फिल्में?
होली में रिलीज होने वाली तीनों फिल्मों के अलावा मेरी आने वाली फिल्मों में प्रसिद्ध संगीतकार जीत-प्रीतम की ‘दो और दो पांच’, रवि पवार की ‘एक से बड़े दो’, समीर टंडन की ‘कुछ खेल कुछ मस्ती’ आ रही है।
प्रस्तुति : राजकुमार/ महाबीर सेठ
| |