बर्लिन.
जर्मनी की आहार सलाहकार सोंजा लेमन के अनुसार अधिक फल खाने से गैस, पेट में ऐंठन और दस्त जैसी बीमारियां हो सकती हैं। उनके अनुसार, ज्यादातर अभिभावक अपने बच्चों की सेहत का ध्यान रखकर अधिक फल खाने के लिए प्रेरित करते हैं, लेकिन कितना फल खाना चाहिए इसकी सावधानी नहीं रखी जाती है।
‘जर्मन एलर्जी एंड अस्थमा एसोसिएशन’ के अध्ययन में पाया गया है कि एक स्वस्थ व्यक्ति एक दिन में 25 ग्राम फ्रक्टोज ही खा सकता है। लेकिन कुछ नाजुक लोगों में ज्यादा फल खाने से उनकी आंतों में एलर्जी या अन्य परेशानियां होने लगती हैं। सोंजा के अनुसार, जो अभिभावक बच्चों को सेब तथा अन्य फलों का जूस पीने के लिए कहते हैं, उन्हें देखना चाहिए कि सिर्फ एक गिलास सेब के जूस में ही उनको 25 ग्राम फ्रक्टोज मिल जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर संतुलित आहार लेना है तो बेहतर होगा कि अधिक से अधिक सब्जियां खाने पर जोर दिया जाए। सेब, आम, नाशपाती, अनानास, आलू बुखारा, खजूर में बहुत अधिक फ्रक्टोज पाया जाता है इसलिए बेहतर होगा कि इन फलों को दूध या दूध से बने पदार्थों के साथ मिलाकार ही खाया जाए।