bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

फिर चलीं तलवारें, हुआ चक्काजाम

भोपाल. कमला नगर पुलिस दो दिन पहले एक बस्ती पर हमला करने वाले बदमाशों पर कार्रवाई नहीं कर पाई। बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए बुधवार को फिर तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक घायल हुआ है। इस हमले के बाद नागरिकों ने चक्काजाम किया। बाद में स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कमला नगर क्षेत्र की नेहरू कालोनी में रात करीब आठ बजे कुख्यात बदमाश पप्पू पारबे और उसके साथियों ने हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। बस्ती के लोग जब वहां एकत्र हुए तो आरोपी अखिलेश जैन नामक युवक को चाकू मारकर भाग निकले। इस हमले के बाद नागरिक सड़क पर आ गए और चक्काजाम किया। वहां महापौर सुनील सूद और पूर्व विधायक पीसी शर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने लगातार आतंक फैला रहे बदमाशों पर कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।

भीड़ पुलिस के खिलाफ नाराज थी और सड़क से हट नहीं रही थी। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां चलरई। इसके बाद इलाके में तनाव है। वहां पुलिस बल तो तैनात है लेकिन पुलिस लगातार आतंक फैला रहे आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही।

थाने पर हंगामा करने वालों पर बलवे का मुकदमा दर्ज

ऐशबाग थाने पर मंगलवार की रात हंगामा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बलवे का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों ने अपने साथी के साथ हुई मारपीट के चलते पुलिस से झूमाझटकी और राहगीरों से मारपीट की थी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। एहतियात के लिए वहां पुलिस बल तैनात है।

पुलिस के मुताबिक नवीन नगर निवासी धर्मेद्र चौहान पर मेहरूब, बादशाह, वाहिद, भूपेंद्र और आफताब ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस जब आरोपियों को थाने ला रही थी, तभी धर्मेद्र के साथी वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। जब पुलिस आरोपियों को थाने के अंदर ले जा रही थी, तो उन्होंने पुलिस से भी झूमाझटकी की थी। बाद में भीड़ ने राहगीरों के साथ भी मारपीट की।

उनकी मांग थी कि धर्मेद्र के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया जाए। इस घटना के बाद वहां एक अन्य समुदाय के लोग भी इकट्ठा होने से तनाव की स्थिति बन गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने भीड़ को समझाबुझा कर शांत कराया। पुलिस ने बिसमिल्लाह कालोनी निवासी जमील खां की शिकायत पर विनय चौहान तथा अन्य के खिलाफ बलवा और मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: